Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली में जल संकट पर तकरार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में प्रचंड गर्मी के साथ भीषण जल संकट शुरू हो गया है और इसके साथ ही जल संकट को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच राजनीतिक तकरार भी शुरू हो गया है। दोनों जल संकट के लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। जल संकट को लेकर रविवार को भाजपा ने दिल्ली के 14 जगहों पर मटका फोड़ प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के छतरपुर के जल बोर्ड ऑफिस में तोड़फोड़ की। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्य से पानी नहीं मिल रहा है और दिल्ली में भाजपा के लोग जल संकट बढ़ा रहे हैं।

रविवार को भाजपा के प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली सीट से सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा- दिल्ली में जल संकट प्राकृतिक समस्या नहीं है। यह आप द्वारा बनाई गई किल्लत है। दिल्ली के पास पर्याप्त पानी है। हरियाणा भी ज्यादा पानी रिलीज कर रहा है। 10 साल में आप ने दिल्ली जल बोर्ड को छह सौ करोड़ के मुनाफे से 73 हजार करोड़ के घाटे में ला दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में पानी की कमी के लिए अगर कोई जिम्मेदार है तो वह सीएम अरविंद केजरीवाल है। दिल्ली में पानी स्टोर करने की जगह है। हरियाणा भी अपनी क्षमता से ज्यादा पानी दे रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की चोरी और बरबादी इस किल्लत का मूल कारण है।

इस बीच जल संकट को लेकर आप सरकार की मंत्री आतिशी ने पुलिस कमिश्नर को चिट्‌ठी लिखकर पाइपलाइनों के लिए सुरक्षा की मांग की है। भाजपा के प्रदर्शन को लेकर आतिशी ने कहा- अभी दिल्ली में गंभीर हीटवेव भी चल रही है। पानी की कमी भी हो रही है। इस सब के दौरान ऐसा लग रहा है कि कुछ लोग पानी की पाइपलाइन तोड़कर इस पानी की कमी को और बदतर बनाने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जान बूझकर पाइप में छेद किए जा रहे हैं और इसलिए उन्होंने पुलिस कमिश्नर से पाइनलाइनो की सुरक्षा की मांग की है। दिल्ली सरकार में एक अन्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने भी कहा है- कुछ दिनों पहले कुछ वीडियो को खास तरह के लोगों ने वायरल किया। इसमें कहा जा रहा था कि दिल्ली में पानी की लीकेज हो रही है। मुझे नहीं लगता कि वह लीकेज नेचुरल है, मुझे लगता है कि कुछ लोग जान बूझकर लीकेज कर रहे हैं।

Exit mobile version