Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

गुजरात सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 अधिकारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार

गुजरात सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने तत्काल प्रभाव से एक आदेश जारी कर छह वरिष्ठ अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। यह निर्णय उन पदों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए लिया गया है, जहां संबंधित आईएएस अधिकारी हाल ही में सेवानिवृत्त हो चुके हैं। 

जारी आदेश के अनुसार, वर्तमान में गांधीनगर स्थित गुजरात स्टेट ट्राइबल डेवलपमेंट रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन सोसायटी (जीएसटीडीआरईआईएस) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संजय के. मोदी को गुजरात ट्राइबल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, गांधीनगर के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे यह जिम्मेदारी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सीबी बलात के स्थान पर संभालेंगे।

इसी तरह, अतिरिक्त विकास आयुक्त योगेश बी. निरगुडे (आईएएस) को गांधीनगर के जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। यह पद बीजे पटेल के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुआ था।

Also Read : ‘शहर नहीं, प्रकृति की गोद में बीता बचपन’, जिम सर्भ

रचित राज, निदेशक अनुसूचित जाति कल्याण, गांधीनगर को गुजरात अनरिजर्व्ड एजुकेशनल एंड इकोनॉमिकल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (जीयूईईडीसी) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वे पीडी पलसाना के स्थान पर यह जिम्मेदारी निभाएंगे।

वहीं गुजरात लाइवलीहुड प्रमोशन कंपनी लिमिटेड की प्रबंध निदेशक प्रशास्ति पारीक (आईएएस) को ग्रामीण विकास आयुक्तालय, गांधीनगर में अतिरिक्त ग्रामीण विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यह पद बीएम प्रजापति के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुआ था।

इसके अलावा, एसडी ताबियार (जीएएस), निदेशक जिला ग्रामीण विकास एजेंसी (डीआरडीए), डांग-अहवा को डांग जिले के जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। वहीं एचपी जोशी (जीएएस), निदेशक डीआरडीए, देवभूमि द्वारका को देवभूमि द्वारका के जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राज्य सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि इन अतिरिक्त नियुक्तियों से प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version