Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कश्मीर में शाह की पांच सभाएं

श्रीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को जम्मू कश्मीर में पांच चुनावी रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस पर हमला किया साथ ही भाजपा की ओर से किए गए चुनावी वादे दोहराए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो महिलाओं के खाते में हर साल 18 हजार रुपए आएंगे। अमित शाह ने कहा है कि भाजपा की सरकार बनने पर ईद और मोहर्रम के मौके पर दो सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पाकिस्तान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरता है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने शनिवार को पहली चुनावी रैली मेंढर में, दूसरी थानामंडी में और तीसरी राजौरी में की। मेंढर में उन्होंने कहा- 90 के दशक में फारूक की मेहरबानी से आतंकवाद आया। तब यहां बहुत गोलीबारी होती थी, क्योंकि यहां के आका पाकिस्तान से डरते थे। शाह ने दावा किया- अब पाकिस्तान नरेंद्र मोदी से डरता है। पाकिस्तान की हिम्मत नहीं है कि वह गोलीबारी करे। अगर गोलीबारी की तो मोदी गोली का जवाब गोले से देंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की तर्ज पर अमित शाह ने तीन राजनीतिक परिवारों को निशाना बनाते हुए कहा- ये चुनाव जम्मू कश्मीर में तीन परिवारों का शासन खत्म करने वाला चुनाव है। तीनों परिवारों ने पूरे जम्मू कश्मीर में 90 के दशक से 2014 तक दहशतगर्दी फैलाई। 40 हजार युवा मारे गए। मेंढर, थानामंडी और राजौरी के बाद पुंछ और अखनूर में भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम था। अमित शाह का पांच दिन में यह दूसरा कश्मीर दौरा था। इससे पहले 16 सितंबर को उन्होंने पाड्डर नागसेनी, किश्तवाड़ और रामबन में जनसभा की थी।

अमित शाह ने अपने भाषण में कहा- हम हर घर में एक महिला को 18 हजार का चेक सालाना देंगे। सीधा बैंक अकाउंट में ये चेक जाएगा। ईद और मुहर्रम के मौके पर दो गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। किसानों को मिल रहे छह हजार रुपए 10 हजार में बदलेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनी तो कृषि के बिजली बिल 50 फीसदी कर देगी। उन्होंने पांच सौ यूनिट तक फ्री बिजली भी देने का वादा किया और कहा कि जम्मू में मेट्रो लगाएंगे। शाह ने कहा- भाजपा ने तय किया है कि पहाड़ी, गुर्जर बकरवाल को सिर्फ नौकरी में ही आरक्षण नहीं देना है, बल्कि प्रमोशन में भी आरक्षण देना है।

Exit mobile version