Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

आदित्य साहू झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष

Ranchi, Jan 13 (ANI): Aditya Sahu filed his nomination for the post of BJP State President before the Election Officer and Union Minister Jual Oram at the BJP party office, in Ranchi on Tuesday. (ANI Photo)

आदित्य साहू भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। बुधवार को पार्टी के केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी और केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने उनके निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।  

साहू ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया था। इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार के नामांकन नहीं करने के कारण उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।

आदित्य साहू इससे पहले झारखंड प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे और वर्तमान में झारखंड से राज्यसभा सांसद भी हैं। उनके निर्वाचन की घोषणा के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, सांसद बीडी राम सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस अवसर पर चुनाव पदाधिकारी जुएल ओराम ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के लिए झारखंड राज्य से 21 सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। इनमें कड़िया मुंडा, अर्जुन मुंडा, समीर उरांव, यदुनाथ पांडेय, चंपई सोरेन, संजय सेठ, रघुवर दास, दिनेशानंद गोस्वामी, मधु कोड़ा, पशुपति नाथ सिंह, रविन्द्र कुमार राय, अमर कुमार बाउरी, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, जीतू चरण राम, अभयकांत प्रसाद, प्रदीप वर्मा, अनंत ओझा, दीपक प्रकाश, अन्नपूर्णा देवी और गीता कोड़ा शामिल हैं।

Also Read : आवारा कुत्तों के मामले में सुप्रीम कोर्ट के सख्त तेवर

पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता जुएल ओराम को केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी नियुक्त किया था। दो दशकों से अधिक समय से भाजपा से जुड़े आदित्य साहू संगठनात्मक राजनीति में लंबा अनुभव रखते हैं। वे पूर्व में झारखंड प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित कई अहम पदों पर रह चुके हैं। 61 वर्षीय आदित्य साहू शिक्षा के क्षेत्र से भी जुड़े रहे हैं। वे वर्ष 2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज में व्याख्याता के रूप में कार्यरत थे।

उन्हें जुलाई 2022 में झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्वाचित किया गया। सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे वैश्य समुदाय से आते हैं, जिस समुदाय में भाजपा की परंपरागत रूप से मजबूत पकड़ मानी जाती है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version