Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा में शामिल हुए अशोक चव्हाण

मुंबई। कांग्रेस छोड़ने के एक दिन बाद मंगलवार को अशोक चव्हाण ने भाजपा का दामन थाम लिया। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण और कांग्रेस के पूर्व विधान पार्षद अमर राजुलकर ने भाजपा की सदस्यता ली। भाजपा नेता और राज्य के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने इन दोनों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बताया जा रहा है कि चव्हाण को भाजपा राज्यसभा भेज सकती है। वे बुधवार को राज्यसभा के लिए नामांकन कर सकते हैं।

अशोक चव्हाण के भाजपा में शामिल होने के बाद शिव सेना यूबीटी के सुप्रीमो और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगर चव्हाण को राज्यसभा भेजते हैं, तो यह कारगिल के शहीद सैनिकों का अपमान होगा। गौरतलब है कि 2010 में कारगिल शहीदों के परिवारों के लिए मुंबई में आदर्श हाउसिंग सोसायटी बनाई गई थी। उस समय चव्हाण महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री थे। तब भाजपा ने चव्हाण पर इस सोसायटी में अपने रिश्तेदारों को घर बांटने का आरोप लगाया था। चव्हाण को तब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।

बहरहाल, अशोक चव्हाण ने एक दिन पहले सोमवार को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था। साथ ही उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा था कि उन्हें किसी से कोई शिकायत नहीं है। चव्हाण ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा- आज मैं अपने राजनीतिक करियर की एक नई यात्रा शुरू करने जा रहा हूं। मैं बीजेपी में शामिल होने जा रहा हूं। मैं महाराष्ट्र भाजपा कार्यालय में उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता लूंगा।

Exit mobile version