Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अभिनेता गोविंदा शिंदे गुट की शिव सेना में शामिल

मुंबई। हिंदी फिल्मों के जाने माने अभिनेता और कांग्रेस के सांसद रहे गोविंदा एक बार फिर राजनीति में उतर गए हैं। वे गुरुवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिव सेना में शामिल हो गए। वे गुरुवार की शाम करीब पांच बजे मुख्यमंत्री शिंदे के साथ मुंबई स्थित शिव सेना ऑफिस पहुंचे। इसके थोड़ी देर बाद उन्होंने पार्टी ज्वाइन कर ली। माना जा रहा है कि वे उत्तर पश्चिम मुंबई की सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। मुंबई उत्तर की सीट से वे 2004 में कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते थे।

शिव सेना में शामिल होने के बाद गोविंदा ने कहा- मैं 2004 से 2009 तक राजनीति में था। ये संयोग है कि 14 साल बाद मैं फिर से राजनीति में आया हूं। मुझ पर जो विश्वास किया गया है, मैं उसे पूरी तरह से निभाऊंगा। बताया जा रहा है कि शिव सेना गोविंदा को मुंबई की उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है। इस सीट से उद्धव गुट की शिव सेना ने अमोल कीर्तिकर को अपना प्रत्याशी बनाया है।

बताया जा रहा है कि गोविंदा ने 27 मार्च को शिव सेना के नेता और पूर्व विधायक कृष्णा हेगड़े से मुलाकात की थी। इसके बाद से ही उनके चुनाव लड़ने के कयास लग रहे थे। बहरहाल, इससे पहले गोविंदा ने 2004 में कांग्रेस के टिकट पर मुंबई उत्तरी सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता राम नाइक को चुनाव हराया था। लेकिन इसके बाद गोविंद ने 2009 का चुनाव नहीं लड़ा।

Exit mobile version