Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री का आज फैसला

Eknath Shinde

मुंबई। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के 11 दिन के बाद आखिरकार भाजपा विधायक दल के नेता का चुनाव होगा। बुधवार, चार नवंबर की सुबह विधान भवन में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता चुना जाएगा और उसके बाद तीन पार्टियों के गठबंधन महायुति की ओर से राज्यपाल से मिल कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। नई सरकार गुरुवार, पांच नवंबर को शाम पांच बजे आजाद मैदान में शपथ लेगी। माना जा रहा है कि देवेंद्र फड़नवीस नेता चुने जाएंगे और नए मुख्यमंत्री होंगे।

भाजपा विधायक दल की बैठक के दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों, निर्मला सीतारमण और विजय रूपानी की मौजूदगी में होगी। महायुति यानी भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिव सेना शिंदे और अजित पवार की एनसीपी में सरकार बनाने का जो फॉर्मूला तय हुआ है उसके मुताबिक भाजपा का मुख्यमंत्री और दोनों पार्टियों का एक एक उप मुख्यमंत्री होगा। तीनों पार्टियों के नेताओं ने मंगलवार को आजाद मैदान में पहुंच कर शपथ  की तैयारियों का जायजा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शपथ समारोह में हिस्सा लेंगे।

Also Read: संभल की घटना साजिश:अखिलेश

विधायक दल की बैठक से एक दिन पहले मंगलवार को विजय रूपानी ने साफ कर दिया कि भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा। दूसरी ओर उद्धव ठाकरे की शिव सेना के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सरकार गठन में देरी पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा- एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं। एक मुख्यमंत्री कैसे गायब हो सकता है? 10 दिन हो चुके, महायुति के पास भारी बहुमत है, लेकिन मुख्यमंत्री का नाम अब तक घोषित नहीं कर पा रहे हैं। यह सब दिल्ली का खेल है।

बहरहाल, महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों को न्योता भेजा गया है। केंद्रीय मंत्रियों के साथ साथ अनेक साधु, महंत, कलाकार, लेखक भी शपथ समारोह में शामिल होंगे। इस बीच महाराष्ट्र के कार्यकारी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ठाणे से मुंबई स्थित अपने सरकारी आवास वर्षा बंगले पर पहुंच गए हैं। वे शुक्रवार को ठाणे गए थे, अब चार दिन बाद वापस लौटे हैं। ठाणे में उन्होंने अस्पताल में अपना रुटीन चेकअप कराया, इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि तबीयत कैसी है, तो उन्होंने कहा- सेहत अच्छी है।

Exit mobile version