Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दलित के घर राहुल ने खाना खाया

कोल्हापुर। विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी महाराष्ट्र का चुनावी नैरेटिव सेट करने में लग गए हैं। शनिवार को उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज की एक प्रतिमा का अनावरण किया और अब सोमवार को उन्होंने कोल्हापुर में एक दलित परिवार के साथ खाना पकाने और खाने का वीडियो शेयर किया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोल्हापुर में एक दलित परिवार के घर खाना पकाने का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया।

उन्होंने लिखा- दलित किचन के बारे में आज भी बहुत कम लोग जानते हैं। वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं- महाराष्ट्र के कोल्हापुर में मुझे अजय तुकाराम सनदे ने अपने घर बुलाकर किचन में हाथ बंटाने का मौका दिया। हमने मिलकर हरभऱ्याची भाजी बनाई। इसे चने के साग की सब्जी भी कहा जाता है। साथ ही बैंगन की सब्जी और तुअर दाल बनाई। दलित क्या खाते हैं, कैसे पकाते हैं, कोई नहीं जानता। इसका सामाजिक और राजनीतिक महत्व क्या है, इसके बारे में हमने बात की। राहुल ने आगे लिखा- भेदभाव और सनदे के निजी अनुभवों पर बात करते हुए हमने दलित खानपान के प्रति जागरूकता की कमी और इस संस्कृति के डॉक्युमेंटेशन के महत्व पर चर्चा की।

सनदे और राहुल गांधी ने महंगाई को लेकर भी चर्चा की। सनदे ने कहा- लहसुन बहुत महंगा हो गया है। कोई बोल रहा है कि मिलेट्स खाओ, मिलेट्स खाओ। उनके खाओ बोलने से हमारा मिलेट्स महंगा हो गया है, जो पहले बहुत सस्ता था। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों लगातार मिलेट्स खाने की बात करते हैं। बहरहाल, सनदे ने कहा- मैंने कांग्रेस को कभी वोट नहीं दिया। 4 इलेक्शन तक कांग्रेस को वोट नहीं दिया, क्योंकि हमारा बेल्ट शेतकरी कामगारों का था। हम भाजपा को भी कभी वोट नहीं देते। उन्हें कभी देंगे भी नहीं, लेकिन अब शेतकरी पार्टी खत्म हो गई है, इसलिए मैं आपकी भारत जोड़ो यात्रा में भी आया था।

Exit mobile version