Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राजस्थान: 16 जिलों में पंच और सरपंच चुनाव में 80.09 प्रतिशत मतदान

राजस्थान में पंच और सरपंच पदों के चुनाव के पहले चरण के तहत 16 जिलों की 3,314 ग्राम पंचायतों में शनिवार शाम छह बजे तक 80.09 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सरपंच के 3,314 पदों के लिए कुल 16,795 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पंच के 28,682 पदों के लिए भी चुनाव हो रहे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक 80.09 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया हालांकि अंतिम आंकड़े अभी आने बाकी हैं।

इसके बाद मतगणना शुरू होगी और देर शाम तक परिणाम आने की उम्मीद है अधिकारियों ने बताया कि ये चुनाव अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में हो रहे हैं।

इन सभी 16 जिलों में 22 अक्टूबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ था।

बाड़मेर में सबसे अधिक 419 ग्राम पंचायतों में मतदान हो रहा है। इसके बाद भीलवाड़ा में 326, फलोदी में 305 और उदयपुर में 284 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं।

भीलवाड़ा में सरपंच पद के लिए सबसे अधिक 2,097 उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके बाद डूंगरपुर में 1,594, जयपुर में 1,525 और उदयपुर में 1,480 उम्मीदवार हैं।

Also Read : कोटक महिंद्रा बैंक का तिमाही मुनाफा 26 प्रतिशत बढ़कर 5,645 करोड़ पर

चुनाव संबंधी आंकड़ों के अनुसार 2,905 ग्राम पंचायतों में प्रत्येक सरपंच पद के लिए अधिकतम नौ उम्मीदवार मैदान हैं, जबकि 311 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, दो ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

बाड़मेर में 3,025 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहे हैं, जो इन 16 जिलों में सर्वाधिक हैं। इसके बाद भीलवाड़ा में 2,872 और उदयपुर में 2,466 वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है।

जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनावों के विपरीत पंच और सरपंच पदों के चुनाव राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्नों पर नहीं लड़े जाते। इन चुनावों में उम्मीदवारों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव चिह्न आवंटित किए जाते हैं।

हालांकि, राजनीतिक दल अक्सर गांवों में उम्मीदवारों को समर्थन देते हैं। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। इनके तहत 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव होने हैं।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, तीन नवंबर और 14 नवंबर को निर्धारित है। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए चुनाव क्रमशः 24 अक्टूबर, 30 अक्टूबर, पांच नवंबर और 16 नवंबर को होने हैं।

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना 20 नवंबर को होगी पहले चरण में शामिल ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पदों के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव 25 अक्टूबर को कराए जाएंगे।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version