Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चंद्रबाबू चौथी बार बने आंध्र के सीएम

विजयवाड़ा। तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख चंद्रबाबू नायडू ने एक बार फिर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। बुधवार को चंद्रबाबू ने चौथी बार राज्य की कमान संभाली। इसके साथ ही नायडू ने सबसे ज्यादा बार राज्य का मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। उनके साथ जनसेना पार्टी के प्रमुख और तेलुगू फिल्मों के सुपर सितारे पवन कल्याण ने उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश को भी मंत्री बनाया गया है। चार जून को आए चुनाव नतीजों में टीडीपी, जन सेना और भाजपा गठबंधन ने राज्य में बड़ी जीत हासिल की थी। तीनों पार्टियों को राज्य की 175 सदस्यों की विधानसभा में 164 सीटें मिलीं।

बहरहाल, बुधवार को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पवन कल्याण ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के पैर छुए। नई सरकार में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री सहित 25 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई। इसमें टीडीपी के 20, जन सेना पार्टी के तीन और भाजपा के एक मंत्री शामिल हैं। एक पद खाली रखा गया है। राज्यपाल अब्दुल नजीर ने विजयवाड़ा में केसरपल्ली आईटी पार्क में मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाई।

नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार के मंत्री और कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए। शपथ के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नायडू को गले लगाकर बधाई दी। नायडू की सरकार में उनके बेटे और टीडीपी के महासचिव नारा लोकेश, प्रदेश अध्यक्ष के अत्चन्नायडू और जन सेना पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंडला मनोहर शामिल हैं।

टीडीपी के 20 मंत्रियों में 17 नए चेहरे हैं बाकी तीन पहले भी मंत्री रह चुके हैं। जन सेना पार्टी के तीन मंत्री पवन कल्याण, नादेंडला मनोहर और कंडुला दुर्गेश हैं। सत्य कुमार यादव एकमात्र भाजपा विधायक हैं, जिन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिमंडल में तीन महिलाएं हैं। मुस्लिम चेहरे के तौर पर एन मोहम्मद फारूक को मंत्री बनाया गया है। मंत्रियों की सूची में पिछड़ा वर्ग से आठ, अनुसूचित जाति से तीन और अनुसूचित जनजाति से एक शामिल है। नायडू ने कम्मा और कापू समुदायों से चार-चार मंत्रियों को शामिल किया है। रेड्डी समुदाय से तीन और वैश्य समुदाय से एक मंत्री को कैबिनेट में जगह मिली है। नायडू खुद कम्मा समुदाय से हैं। वहीं पवन कल्याण कापू समुदाय से आते हैं। उनके भाई और तेलुगू फिल्मों के बड़े स्टार चिरंजीवी भी शपथ समारोह में शामिल हुए।

Exit mobile version