Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

यूपी में बारिश और बाढ़ से 10 की मौत

नई दिल्ली। भारी बारिश की वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कई राज्यों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं की वजह से 10 लोगों की मौत हो गई है। नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश और बिहार के जिलों में हालत ज्यादा खराब है। उत्तर प्रदेश में नेपाल से सटे 20 जिलों में पिछले एक हफ्ते से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। करीब 20 लाख की आबादी पानी से घिरी हुई है। राज्य में पिछले 24 घंटे में बारिश की वजह से हुई घटनाओं में 10 लोगों की मौत हुई है।

गोरखपुर में राप्ती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस वजह से 60 से ज्यादा गांव डूब गए हैं। वहां तीन बच्चियों की गड्‌ढे में डूबने से मौत हो गई है। वहीं, वाराणसी में गंगा के उफान पर होने से 15 से अधिक घाट डूब गए हैं। उधर, बिहार में भी नेपाल से सटे इलाकों का यही हाल है। बेतिया, बगहा, सीतामढ़ी, मधेपुरा, अररिया समेत कई जिलों में बाढ़ आई है। इस बीच मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Exit mobile version