Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

योगी के गढ़ में अखिलेश ने किया 20 किलोमीटर का रोड शो

Gorakhpur, Nov 18 (ANI): Samajwadi Party National President Akhilesh Yadav greets supporters during the 'PDA Rath Yatra' roadshow ahead of the 2027 Assembly elections, in Gorakhpur on Wednesday. (@yadavakhilesh X/ANI Photo)

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर पहुंचकर हवाई अड्डे से चौरी-चौरा के देवकही गांव तक ‘पीडीए रथ’ पर सवार होकर रोड शो किया।

सपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, करीब 20 किलोमीटर लंबे इस रोड शो का मकसद पूर्वांचल, खासकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह नगर में राजनीतिक संदेश देना है। बाद में यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गोरखपुर में उनके रोडशो में उमड़ी भीड़ यह दिखाती है कि भाजपा अपने गढ़ में कमजोर हो रही है।

यादव के रोड शो में गोरखपुर जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ता सपा के झंडे लेकर रथ के साथ चलते रहे और पार्टी के समर्थन में नारे लगाते नजर आए।

देवकही गांव पहुंचने पर यादव स्वतंत्रता सेनानी और शहीद बाबू बंधु सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे, जिसके बाद वह भाजपा के पूर्व नेता विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे के दौरान बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की संभावना है।

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि टप्पू आगामी विधानसभा चुनाव में चौरी-चौरा सीट से सपा के उम्मीदवार हो सकते हैं। हालांकि, पार्टी ने अब तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

बस रूपी ‘पीडीए रथ’ पर निकले इस रोडशो में भारी उत्साह देखने को मिला। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गाड़ी के साथ-साथ दौड़ रहे थे, पार्टी के झंडे लहरा रहे थे और पोस्टर लिए हुए थे जिन पर लिखा था- ‘टीपू इज बैक’ और ‘जेन जेड फेवरेट’।

Also Read : शेयर बाजार में तेजी थमी, बैंकिंग और आईटी शेयरों में गिरावट

इस दौरान चुनाव प्रचार से संबंधित गीत बज रहे थे, जिनमें ‘यूपी के कोने-कोने में भैयाजी को जिताना है’ और ‘2027 में अखिलेश आ रहे हैं’ जैसे गाने शामिल थे।

कूड़ाघाट क्रॉसिंग के पास पार्टी कार्यकर्ताओं ने दो क्रेनों की मदद से एक विशाल माला पहनाकर यादव का स्वागत किया। रोडशो के दौरान, उन्होंने बस का दरवाज़ा खोलकर पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की।

यादव दोपहर 12:30 बजे एक विशेष विमान से गोरखपुर हवाई अड्डे पहुंचे, जहां ढोल-नगाड़ों के बीच 1,000 से ज़्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर छह युवा पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार भी किया।

मध्यप्रदेश के मऊगंज से आए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता राम सुख निषाद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने में विफल रही है और यादव को इस मुद्दे को उठाना चाहिए।

भदोही से आए समाजवादी पार्टी के दो फुट लंबे कार्यकर्ता चांद बाबू भी पार्टी प्रमुख का स्वागत करने हवाई अड्डे पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी को मज़बूत करने और गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

बाद में यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गोरखपुर में उनके रोडशो में उमड़ी भीड़ यह दिखाती है कि भाजपा का गढ़ गड़बड़ा गया है। उन्होंने कहा,”गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि ‘किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है!’

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा,”इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को ‘नौ बटे निल’ कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट ‘पीडीए’ का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की ये पुकार,अहंकार की होगी हार।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version