Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मुख्तार के परिजनों से मिले अखिलेश

Akhilesh Yadav

गाजीपुर। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी की जेल में हुई मौत के करीब एक हफ्ते बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को उनके पैतृक गांव जाकर श्रद्धांजलि दी और परिजनों मिल कर शोक संवेदना प्रकट की। इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार पर किसी को भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट के मौजूदा जज की जांच से ही न्याय संभव है। अखिलेश ने कहा कि बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी ने अपनी जान को खतरा बताया था। उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को जनता सबक सिखाएगी।

मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि वे परिवार के सदस्यों से मिलकर दुख बांटने आए हैं। उन्होंने कहा- मुख्तार अंसारी ने जहर देने की शिकायत की थी। उम्मीद है कि सरकार इस आरोप पर सच्चाई सामने लाएगी। कस्टोडियल डेथ में यूपी आगे हैं। न्याय देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने इसके साथ ही मंहगाई का मुद्दा भी उठाया और किसानों व युवाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पेपरलीक बड़ी समस्या है।

मुख्‍तार अंसारी का समर्थन करते हुए उन्‍होंने कहा कि दूर बैठे लोग छवि नहीं जानते हैं। अखिलेश ने कहा- मुख्तार की छवि वैसी नहीं थी, जैसा बताया गया। आम जनमानस इसे स्वाभाविक मौत नहीं मान रही है। भारत सरकार पर आरोप लगा है। अमेरिका और कनाडा की घटना सबके सामने है। मुख्तार अंसारी जनता के सेवक रहे हैं। लोकतंत्र में वह जनता के दुख में शामिल होते थे।

Exit mobile version