Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

यूपी में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार: योगी आदित्यनाथ

Gorakhpur, Oct 10 (ANI): Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath addresses public during the distribution of flat keys under a residential project, in Gorakhpur on Friday.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि राज्य में 2027 के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा नेतृत्व अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं के जरिये और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाएगा, क्योंकि पिछले साढ़े नौ वर्षों में राज्य की तस्वीर बदली है।

उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का बचाव किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

जब मुख्यमंत्री से पूछा गया कि क्या भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों में 403 में से 320 सीट हासिल करने के लक्ष्य को पार करेगी, तो उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा; हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर कोई संख्यात्मक आश्वासन नहीं दिया।

एक निजी चैनल के कार्यक्रम ‘राइजिंग भारत समिट’ में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी महिला, युवा, व्यापारी या गरीब से पूछिए, वे कहेंगे कि (भाजपा) सरकार को फिर से सत्ता में आना चाहिए। जिन्हें विकास पसंद नहीं है, जो हर पहल में नकारात्मकता देखते हैं और अव्यवस्था का माहौल चाहते हैं, वे निराश होंगे।

कानून-व्यवस्था में सुधार को आर्थिक विकास से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दंगों और कर्फ्यू वाले माहौल में निवेश, बुनियादी ढांचे का विकास एवं रोजगार पैदा करना असंभव है।

उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने पिछले एक दशक में 2.30 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती की है तथा 32,000 और पुलिसकर्मियों की भर्ती प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है।

उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण क्षमता को एक बार में 6,000 से बढ़ाकर 60,000 करने, सभी 18 मंडल मुख्यालयों में फोरेंसिक प्रयोगशालाएं स्थापित करने, सभी 75 जिलों में साइबर पुलिस थाने खोलने और सात शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने का भी जिक्र किया।

Also Read : योगी के गढ़ में अखिलेश ने किया 20 किलोमीटर का रोड शो

आदित्यनाथ ने एसआईआर को मतदाता सूची दुरुस्त करने के लिए एक स्वागत योग्य कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसमें से मृत व्यक्तियों और गैर-नागरिकों के नाम हटाए जाने चाहिए, जबकि हर पात्र वयस्क भारतीय नागरिक का नाम इसमें शामिल होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करने में योगदान देंगे कि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।

कांग्रेस द्वारा वोट चोरी के आरोपों और एसआईआर तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) पर सवाल उठाए जाने पर पलटवार करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार के लिए संवैधानिक संस्थाओं को दोष देती है।

उन्होंने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘जब वे जीतते हैं तो यह उनकी जीत होती है, लेकिन जब वे हारते हैं तो ईवीएम गलत हो जाती है, एसआईआर गलत हो जाता है और निर्वाचन आयोग को जिम्मेदार ठहराया जाता है।

राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता उन सभी अभियानों का हिस्सा बन जाते हैं, जो भारत के हितों के खिलाफ होते हैं या जो देश की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।

आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, (राहुल में) अब भी परिपक्वता की कमी है। उन्हें ऐसे बेतुके मुद्दों से बचना चाहिए और योग्यता, तथ्यों तथा सबूतों के आधार पर बात करनी चाहिए।

ब्राह्मणों मे भीतर असंतोष की चर्चाओं के बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने सामाजिक गठबंधन “पीडीए” में ‘पंडितों’ (ब्राह्मणों) के लिए एक और ‘पी’ जोड़ने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा के कुछ नेताओं के बयानों का हवाला दिया और कहा कि उनके बयानों एवं हिंदू समुदायों के प्रति पार्टी के पिछले रवैये से उनकी असल सोच का पता चलता है।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version