Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस के हरक सिंह रावत के यहां ईडी का छापा

देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत के यहां बुधवार को ईडी ने छापा मारा। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड में कथित वन घोटाले और जमीन से जुड़े घोटाले में ईड ने बुधवार को हरक सिंह रावत के देहरादून स्थित घर पर छापा मारा। केंद्रीय जांच एजेंसी ने रावत के करीबियों के दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के 12 ठिकानों पर भी एक साथ छापेमारी की है।

जानकार सूत्रों के मुताबिक, जंगल की जमीन से जुड़े मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की है। इससे पहले राज्य सरकार की एजेंसी ने भी हरक सिंह रावत के खिलाफ कार्रवाई की थी। बताया जा रहा है कि रावत के मंत्री रहते कॉर्बेट पार्क के पाखरों रेंज में टाइगर सफारी प्रोजेक्ट के लिए छब हजार पेड़ों की अवैध रूप से कटाई की गई थी, जबकि अनुमति डेढ़ सौ से कुछ ज्यादा पेड़ काटने की मिली थी। इसके अलावा अवैध निर्माण भी हुआ था।

इस मामले में रावत और तब के कुछ अधिकारियों और उनके करीबियों पर धन शोधन के आरोप लगे हैं। इससे पहले पिछले साल अगस्त में राज्य सरकार के निगरानी विभाग ने भी रावत के खिलाफ कार्रवाई की थी। रावत 2019-20 में भाजपा सरकार में वन मंत्री थे। लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वे पार्टी छोड़ कर कांग्रेस में लौट गए थे। पिछले साल 30 अगस्त को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में अवैध निर्माण को लेकर देहरादून में हरक सिंह रावत के कई ठिकानों पर विजिलेंस ने भी छापेमारी की थी। इसमें उनके बेटे के भी कई संस्थान शामिल थे।

Exit mobile version