Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

उत्तरकाशी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में सोमवार देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे चारधाम यात्रा पर निकले हजारों तीर्थयात्रियों तथा स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है। वहीं यमुनोत्री धाम को जाने वाला पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त होने के कारण फिलहाल आवाजाही के लिए असुरक्षित घोषित किया गया है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालीगाड़, सिलाई बैंड, जंगलचट्टी, दुर्बिल तथा बढ़िया के पास भारी मात्रा में मलबा और पत्थर आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। 

Also Read : शर्मिला ने पैरा शॉट पुट में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा

वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगानी-सुनगर और भटवाड़ी के चड़ेथी क्षेत्र में भी भूस्खलन के कारण मार्ग बंद हो गया है।

यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर स्थित राम मंदिर के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से करीब 25 से 30 मीटर लंबा मार्ग दो से 2.5 मीटर तक धंस गया है। सुरक्षा की दृष्टि से इस मार्ग पर यात्रियों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए शीघ्र ही वैकल्पिक पैदल मार्ग तैयार किया जाएगा, जिसके लिए श्रमिकों को मौके पर लगाया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और बीआरओ की टीमें प्रभावित स्थानों पर मलबा हटाने और मार्गों को जल्द से जल्द सुचारु करने में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन ने यात्रियों एवं स्थानीय लोगों से मौसम और मार्गों की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Pic Credit : ANI

Exit mobile version