Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अधीर रंजन का ममता पर बड़ा हमला

नई दिल्ली। गुरुवार को लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस की तीन अहम बैठक हुई और इस दौरान पश्चिम बंगाल के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया। अधीर रंजन ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने अंदरखाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ मिला लिया है और इसलिए कांग्रेस के साथ सीटों क तालमेल में ईमानदारी नहीं बरत रही हैं।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधीर रंजन ने कहा- ममता इस वक्त पीएम मोदी की खुशामद में लगी हैं। इसलिए वे गठबंधन की राजनीति नहीं करना चाहती हैं। अगर वे गठबंधन की राजनीति करेंगी तो पीएम मोदी गुस्सा हो जाएंगे। मोदी जी को जिस बात पर गुस्सा आता है, ममता दीदी वो काम नहीं करती हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही यह खबर आई कि ममता ने कांग्रेस को दो सीटें देने की बात कही है। इसके अलावा ममता की वजह से नीतीश कुमार को विपक्षी गठबंधन का संयोजक बनाने का फैसला अटका है।

ममता के इस रवैए से नाराज अधीर रंजन ने कहा- ममता बनर्जी कह रही हैं वे राज्य में कांग्रेस को दो सीटें देंगी। ये दो सीटें वे हैं, जो कांग्रेस पहले ही जीत चुकी है। वहां कांग्रेस के सांसद हैं, तो ममता हमें नया क्या दे रही हैं? ये दो सीटें हमने ममता बनर्जी और भाजपा को हराकर जीती हैं। ममता ये सीटें देकर क्या हम पर कोई अहसान कर रही हैं? अधीर रंजन ने कहा- कौन अब उन पर भरोसा करेगा? चुनाव जीतने के लिए ममता को कांग्रेस की जरूरत है। कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ने और इससे ज्यादा सीटें जीतने में सक्षम है। हम उन्हें दिखा देंगे। हमें ये दो सीटें रखने के लिए ममता की दया नहीं चाहिए।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 43 फीसदी वोट के साथ 22 सीटें जीती थीं। 2014 के चुनाव के मुकाबले ममता की पार्टी ने 12 सीटें गंवाई थीं। वहीं, 18 सीटें जीत कर भाजपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी थी। कांग्रेस सिर्फ दो ही सीटें जीत पाई थी, जबकि लेफ्ट मोर्चा कोई भी सीट नहीं जीत पाया था।

Exit mobile version