Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बंगाल में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट, पांच की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में अवैध पटाखा फैक्टरियों में विस्फोट का सिलसिला जारी है। मई में हुई तीन विस्फोट के बाद अब राज्य के उत्तर 24 परगना जिले की एक अन्य अवैध पटाखा फैक्टरी में रविवार को विस्फोट हो गया। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इसका सही आंकड़ा देर शाम तक सामने नहीं आया था तभी पुलिस की ओर से कहा जा रहा है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। 

हादसा कोलकाता से लगभग 30 किलोमीटर दूर नीलगंज के एक इलाके में सुबह 10 बजे हुआ। पटाखा फैक्टरी दत्तपुकुर में है। हादसे के वक्त कई लोग फैक्टरी में काम कर रहे थे। कोलकाता पुलिस ने अपने बयान में कहा कि पांच शव मिले हैं। विस्फोट में कई लोग घायल हुए हैं। धमाका इतना भयानक था कि लोगों के चीथड़े आस-पड़ोस की छतों पर जाकर गिरे। मलबे में बम होने की आशंका के चलते, पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता भी मौके पर मौजूद था।

इसके पहले मई में भी पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए इसी तरह के विस्फोट में 12 लोग मारे गए थे। बहरहाल, रविवार को हुए विस्फोट को देखने वालों ने बताया कि विस्फोट इतना भयानक था कि घर मलबे में तब्दील हो गया। जबकि यहां काम करने वाले लोगों के शरीर के कई अंग दूसरे घरों की छतों पर भी जाकर गिरे। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। हादसे में घायल हुए लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

Exit mobile version