Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मन की बात का सौवां एपिसोड आज

नई दिल्ली। रेडियो पर प्रसारित होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक कार्यक्रम मन की बात कार्यक्रम के सौंवे एपिसोड का प्रसारण 30 अप्रैल को होगा। इसके लिए भाजपा ने पूरे देश में बड़ी तैयारियां की हैं। बताया जा रहा है कि लाखों जगहों पर भाजपा के कार्यकर्ता इसका प्रसारण लोगों को सुनवाएंगे। संयुक्त राष्ट्र संघ के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वार्टर पर भी इसका लाइव प्रसारण होगा। मन की बात कार्यक्रम को लेकर पिछले दिनों एक कॉन्क्लेव भी हुआ था, जिसमें आमिर खान सहित कई जानी मानी हस्तियां शामिल हुई थीं।

बहरहाल, प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर संयुक्त राष्ट्र में भारत के मिशन ने ट्विट किया और कहा कि इस ऐतिहासिक पल के लिए तैयार हो जाइए। यह संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ट्रस्टी काउंसिल चैंबर में लाइव होगा। इस बीच माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स ने भी मन की बात के लिए प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। उन्होंने कहा- मन की बात ने स्वच्छता, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और विकास जैसे कई मुद्दों को अहमियत दी है। इसकी वजह से आज कई समुदाय के लोग आगे आकर इन पर काम कर रहे हैं।

मन की बात का पहला एपिसोड तीन अक्टूबर 2014 को आया था। इसके बाद से हर महीने के आखिरी रविवार को इसका एक एपिसोड प्रसारित किया जाता रहा है। ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन नेटवर्क इसे प्रसारित करते हैं। 26 अप्रैल को प्रसार भारती ने सौवें एपिसोड का जश्न मनाने के लिए एक कॉन्क्लेव का आयोजन किया था। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया था।

Exit mobile version