Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी आज से

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सोमवार से शुरू होगी। इस साल नौ राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जहां चुनाव होना है और साथ ही जम्मू कश्मीर में भी चुनाव संभव है। इसलिए भाजपा की यह कार्यकारिणी अहम है। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी कार्यकाल पूरा हो गया है। इसे लेकर भी कार्यकारिणी में चर्चा होगी और नड्डा के कार्यकाल का विस्तार करने पर मुहर लग सकती है। साथ ही देश में संगठन चुनाव अगले साल लोकसभा तक टाले जाने का फैसला भी हो सकता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के करीब साढ़े तीन सौ नेता कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। दो दिन की यह बैठक नई दिल्ली में एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासचिव, सचिव और राष्ट्रीय प्रवक्ता शामिल होंगे। इसके अलावा दूसरे राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे। सभी नेताओं को बैठक में शामिल होने से पहले डिजिटल हस्ताक्षर करने होंगे।

बैठक में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटेल चौक मेट्रो स्टेशन से एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर तक रोड शो करेंगे। बैठक शुरू होने से पहले पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सोमवार को पार्टी मुख्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे शाम चार बजे एनडीएमसी सेंटर में भाषण के साथ बैठक की औपचारिक शुरुआत करेंगे। बैठक के समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा कार्यकर्ताओं को राज्यों के और लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे। इस बीच दिल्ली पुलिस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि 16 जनवरी को दोपहर तीन बजे से पटेल चौक से भाजपा जन भागीदारी के साथ एक रोड शो आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे।

Exit mobile version