Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अदानी मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी को सोमवार को अदानी और हिंडनबर्ग विवाद को संसद में उठाने का मौका नहीं मिला लेकिन पार्टी ने पूरे देश में इसे लेकर प्रदर्शन किया। हर राज्य में कांग्रेस नेताओं ने इसे लेकर प्रदर्शन किया और राजभवन की ओर मार्च किया। राजधानी दिल्ली में संसद भवन परिसर से विजय चौक तक कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने मार्च किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मार्च का नेतृत्व किया।

अदानी समूह पर कई तरह की गड़बड़ी के आरोप लगाने वाली हिंडनबर्ग रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में प्रदर्शन किया। गुजरात में पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया तो मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ा प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया।

लखनऊ में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल खाबरी की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जम्मू में कांग्रेस अध्यक्ष वकार रसूल वानी, हिमाचल प्रदेश में प्रतिभा सिंह, असम में भूपेन कुमार बोरा और चंडीगढ़ में पंजाब प्रदेश कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की अगुवाई में पार्टी ने प्रदर्शन किया।

Exit mobile version