Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस ने सांसद परनीत कौर को निलंबित किया

नई दिल्ली। पंजाब के मुख्यमंत्री रहे कैप्टेन अमरिंदर सिंह को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाए जाने की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने उनकी पत्नी और पटियाला से पार्टी की सांसद परनीत कौर को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत मिलने पर उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। उनके ऊपर भाजपा के साथ मिल कर कांग्रेस के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है।

गौरतलब है कि कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने 18 सितंबर 2021 को पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के कुछ दिन बाद कांग्रेस भी छोड़ दी थी। उन्होंने दो नवंबर 2021 को पंजाब लोक कांग्रेस नाम से पार्टी बना कर भाजपा के साथ चुनाव लड़ा था। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी का भाजपा में विलय कर दिया। पिछले चुनाव के समय भी कांग्रेस सांसद परनीत कौर ने अपने पति के साथ मिल कर भाजपा के समर्थन में काम किया था।

बहरहाल, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने परनीत कौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पार्टी हाईकमान को शिकायत भेजी थी। इसी शिकायत के आधार पर कांग्रेस की अनुशासन समिति के सदस्य सचिव तारिक अनवर ने परनीत कौर को निलंबित करने का पत्र जारी किया। पत्र में परनीत कौर को पक्ष रखने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है।

परनीत कौर चौथी बार लोकसभा सदस्य चुनी गई हैं। उन्होंने अपना पहला चुनाव वर्ष 1999 में पटियाला सीट से लड़ा और जीत दर्ज की। 2004 और 2009 के लोकसभा चुनाव में भी वे पटियाला से ही जीतीं। इस दौरान वे मनमोहन सिंह सरकार में केंद्रीय मंत्री भी रहीं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में परनीत कौर आम आदमी पार्टी  के धर्मवीर गांधी से हार गईं। 2019 के चुनाव में वे फिर जीत कर संसद पहुंचीं।

Exit mobile version