Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

गोहिल बने गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के संगठन में बदलाव शुरू हो गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ही संगठन में बदलाव का इंतजार किया जा रहा था। कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी में भी नए अध्यक्ष की नियुक्ति हुई है और मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस का अध्यक्ष भी बदला गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने गोहिल की जगह दीपक बाबरिया को दिल्ली और हरियाणा का प्रभारी नियुक्त किया है।

गौरतलब है कि शक्ति सिंह गोहिल गुजरात में कांग्रेस की आखिरी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वे बिहार के भी प्रभारी थे। बहरहाल, कहा जा रहा है कि विधायक दल के नेता रहे परेश धनानी और दीपक बाबरिया के नाम पर भी अध्यक्ष पद के लिए चर्चा हुई थी, लेकिन बाद में क्षत्रिय नेता को कमान देने का फैसला किया। शक्ति सिंह गोहिल गुजरात में नेता विपक्ष भी रह चुके हैं। वे 2007 से 2012 तक नेता विपक्ष थे।

गोहिल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के तौर पर जगदीश ठाकोर का स्थान लेंगे। शक्ति सिंह गोहिल भावनगर से ताल्लुक रखते हैं। वे राज्यसभा में सांसद हैं और कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता भी हैं। वे गुजरात में कांग्रेस की आखिरी सरकार में 1991 से 1995 तक वित्त, स्वास्थ्य, शिक्षा, नर्मदा विभाग के मंत्री रह चुके हैं। बहरहाल, गुजरात के ही रहने वाले बाबरिया को गोहिल के स्थान पर हरियाणा और दिल्ली का प्रभारी बनाया गया है।

कांग्रेस ने सांसद वी वैथिलिंगम को पुड्डुचेरी प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। महाराष्ट्र सरकार की पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़ को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी ने अपने दो नेताओं मंसूर अली खान और पीसी विष्णुनाथ को तेलंगाना के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।

Exit mobile version