Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चार महीने में सबसे ज्यादा बेरोजगारी

नई दिल्ली। भारत में एक बार फिर बेरोजगारी दर आठ फीसदी से ऊपर चली गई है। लगातार तीन महीने से बढ़ रही बेरोजगारी दर पिछले चार महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है। सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी, सीएमआईई के मुताबिक अप्रैल में बेरोजगारी दर बढ़ कर 8.11 फीसदी पर पहुंच गई है। इससे पहले मार्च में बेरोजगारी दर 7.80 फीसदी पर थी और उससे एक महीना पहले फरवरी में ये 7.45 फीसदी रही थी।

सीएमआईई के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में शहरी बेरोजगारी 8.51 फीसदी से बढ़ कर 9.81 फीसदी हो गई। हालांकि अप्रैल में ग्रामीण बेरोजगारी में मामूली गिरावट देखने को मिली है। यह 7.34 फीसदी हो गई, जो एक महीने पहले मार्च में 7.47 फीसदी थी। रिपोर्ट के अनुसार अप्रैल में जो नए लोग रोजगार के लिए मार्केट में आए हैं उनमें से 87 फीसदी को नौकरी मिली है। इसका कारण है कि इस महीने में अतिरिक्त 2.21 करोड़ नई नौकरियां आईं।

इस रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल के महीने में 2.5 करोड़ लेबर फोर्स बढ़ी है। इसके बाद देश में कुल लेबर फोर्स 46.7 करोड़ पर पहुंच गई है। बीते साल यानी 2022 में चार बार बेरोजगारी दर आठ फीसदी के पार निकली थी। फरवरी में ये 8.10 फीसदी, अगस्त में 8.28 फीसदी, नवंबर में 8.03 और दिसंबर में 8.30 फीसदी रही थी। वहीं सबसे कम बेरोजगारी सितंबर में थी। तब बेरोजगारी दर 6.43 फीसदी पर आ गई थी। इस साल पहली बार बेरोजगारी दर आठ फीसदी से ऊपर गई है।

Exit mobile version