Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रियंका, योगी, राजनाथ ने किया प्रचार

बेंगलुरू। कर्नाटक में चुनाव प्रचार की गरमी बढ़ती जा रही है। बुधवार को कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने लगातार दूसरे दिन चुनाव प्रचार किया। भाजपा की ओर से अमित शाह का तीन दिन का दौरा समाप्त हुआ तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई स्टार प्रचारकों ने राज्य के अलग अलग हिस्सों में प्रचार किया। आदित्यनाथ ने मांड्या में, राजनाथ सिंह ने बेलगावी और शिवराज सिंह चौहान ने बेलगावी में रोड शो और सभाएं कीं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मैसूरु के एक रेस्टोरेंट में जाकर डोसा बनाया और लोगों के साथ बैठ कर खाया। उन्होंने बच्चों से बातचीत भी की। उन्होंने चिकमंगलूर जिले के श्रृंगेरी में जनसभा को संबोधित किया। प्रियांका ने राहुल की लोकसभा सदस्यता खत्म करने का मुद्दा उठाते हुए कहा- इंदिरा गांधी के खिलाफ भी एक केस लगाकर उन्हें संसद से निकाल दिया गया था। आप उन्हें संसद में वापस लाए। आज उनके पोते राहुल पर भी फर्जी केस डालकर संसद से निकाल दिया गया है। राहुल को पूरा विश्वास है कि इस देश की जनता हमारे साथ खड़ी रहेगी।

भाजपा के स्टार प्रचारक राजनाथ सिंह ने बेलगावी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा- कांग्रेस ने धर्म के आधार पर आरक्षण देकर भारत के संविधान की अवमानना की। उन्होंने इमरजेंसी को याद करते हुए कहा- 1975 में मनमाने तरीके से संविधान में संशोधन कर आपातकाल लगाकर लाखों की संख्या में लोगों को जेल में डाल दिया। भाजपा कभी ऐसा पाप नहीं कर सकती, चाहे सत्ता मिले या न मिले।

भाजपा के दूसरे नेताओं ने भी धर्म आधारित आरक्षण का मुद्दा उठाया। योगी आदित्यनाथ ने मांड्या में कहा- आप सोचिए एक तरफ डबल इंजन की सरकार पीएफआई को बैन करती है। दूसरी ओर कांग्रेस जो पीएफआई का तुष्टिकरण करने का कार्य करती है। उन्हें धर्म के आधार पर रिजर्वेशन देने का काम करती है। धर्म के नाम पर आरक्षण भारत के संविधान के विपरीत है। हमने पिछड़ी जातियों, दिव्यांग जनों और अन्य जरूरतमंदों को आरक्षण का लाभ दिया है।

Exit mobile version