Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

किरण रेड्डी भाजपा में शामिल

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और एकीकृत आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे किरण कुमार रेड्डी शुक्रवार को भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने पिछले महीने कांग्रेस छोड़ दी थी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को एक लाइन का इस्तीफा भेजा था। भाजपा में शामिल होने के बाद रेड्डी ने कहा- कांग्रेस में लगातार गलत फैसले लिए गए। एक के बाद एक गलत फैसलों के चलते सभी राज्यों में कांग्रेस कमजोर हो गई। गौरतलब है कि वाईएसआर रेड्डी के निधन के बाद कांग्रेस ने उनके बेटे जगन मोहन रेड्डी की दावेदारी ठुकरा कर किरण रेड्डी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया था।

किरण रेड्डी को शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी में शामिल कराया। उन्होंने भाजपा ज्वाइन करने के बाद कांग्रेस आलाकमान यानी सोनिया व राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा- एक कहावत है कि हमारा राजा बहुत समझदार है, वो खुद सोच नहीं पाता और किसी की सलाह नहीं सुनता है। कांग्रेस में भी ऐसा ही है। वहां हाईकमान लोगों से बातचीत नहीं करता, नेताओं की बात नहीं सुनता है। वह कंट्रोल करने की पावर तो चाहता है, लेकिन जिम्मेदारी लेना और मेहनत करना नहीं चाहता है।

रेड्डी पहले भी कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं। 2014 में जब केंद्र की यूपीए सरकार ने आंध्र से तेलंगाना को अलग करने का फैसला किया, तब रेड्डी ने विरोध में पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने तब अपनी जय समैक्यांध्र पार्टी बनाई थी और आम चुनाव में उम्मीदवार भी उतारे थे लेकिन उन्हें एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। रेड्डी 2018 में वापस कांग्रेस में शामिल हो गए। गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार को कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी भी भाजपा में शामिल हो गए।

Exit mobile version