Naya India

लगातार दूसरे दिन 3000 से ज्यादा केस

नई दिल्ली। देश में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तीन हजार से ज्यादा कोरोना केसेज मिले हैं। साथ ही एक्टिव केसेज की संख्या बढ़ कर 15 हजार से ऊपर पहुंच गई है। शुक्रवार की सुबह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में पांच मरीजों की मौत हुई। शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या गुरुवार के मुकाबले ज्यादा रही लेकिन मरने वालों क संख्या कम रही।

गुरुवार को 3016 मरीज मिले थे, जबकि उसके बाद 24 घंटे में यह संख्या 3,095 रही। पिछले छह महीनों में यह एक दिन में सबसे ज्यादा केस हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश में एक्टिव केसेज बढ़ कर 15,208 हो गए हैं। बुधवार को महाराष्ट्र में तीन, दिल्ली में दो, हिमाचल में एक और केरल में आठ लोगों की मौत हुई थी। गुरुवार को 14 लोगों की मौत हुई, जबकि शुक्रवार को मरने वालों की संख्यां पांच रही।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक रोजाना की संक्रमण दर 2.73 फीसदी दर्ज की गई है, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 1.71 फीसदी है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पिछले एक हफ्ते में तीन गुना केस बढ़े हैं। यहां एक हफ्ते पहले हर रोज करीब एक सौ केस मिल रहे थे लेकिन 29 मार्च को तीन सौ केस मिले, जबकि दो मरीजों की मौत हुई थी।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कोरोना के बढ़ते मामलों पर प्रेस कांफ्रेंस की और कहा कि दिल्ली में लोगों को घबराने की जरूरत नहीं हैं। यहां पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 15 मार्च को रोजाना औसतन 42 एक्टिव केस आ रहे थे लेकिन 30 मार्च को यह बढ़ कर 295 हो गए। उन्होंने कहा- अचानक आई इस तेजी को लेकर हम सर्तक हैं। राजधानी में कुल एक्टिव केस 932 हैं। इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा था- यह देखा गया है कि महाराष्ट्र में कोरोना के मामले बढ़ने के दो-तीन हफ्ते बाद दिल्ली में भी केस बढ़ने शुरू हो जाते हैं। हालांकि भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली के अस्पताल कोरोना से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Exit mobile version