Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की अपनी समकक्ष मेलोनी से द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) ने बृहस्पतिवार को यहां इटली (Italian) की अपनी समकक्ष ज्यॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) के साथ बातचीत की और बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को आगे ले जाने पर विचारों का आदान-प्रदान किया।

मेलोनी के राजकीय दौरे पर यहां पहुंचने पर राष्ट्रपति भवन में उनका रस्मी स्वागत किया गया। बाद में मोदी ने हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता शुरू करने से पहले मेलोनी का अभिवादन किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि राजनीतिक, व्यापार एवं आर्थिक, रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, स्वास्थ्य, वाणिज्य दूतावास और सांस्कृतिक क्षेत्रों को शामिल करते हुए एक विस्तृत एजेंडे का इंतजार है। बागची ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उनके इतालवी समकक्ष के बीच बातचीत चल रही है। बागची ने कहा, दोनों नेता विकास को बढ़ावा देने, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को व्यापक बनाने और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर तालमेल को गहरा करने की परस्पर प्रतिबद्धता के साथ बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को आगे ले जाने पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।

भारत और इटली इस वर्ष राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष मना रहे हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि बहुआयामी द्विपक्षीय संबंध साझा सांस्कृतिक मूल्यों, आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता, हरित ऊर्जा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर आधारित हैं। मेलोनी के साथ इटली के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री अंतोनियो ताजानी और एक उच्चस्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। मेलोनी बृहस्पतिवार की शाम से शुरू हो रहे आठवें रायसीना संवाद में मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल होंगी। (भाषा)

Exit mobile version