Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

त्रिपुरा में सीपीएम पर मोदी का हमला

अगरतला। दो दिन के अंतराल पर प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी एक बार फिर त्रिपुरा में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने सोमवार को चुनावी रैली में सीपीएम पर निशाना साधा और कहा कि इस राज्य में 30 साल तक राज करने वाली सीपीएम ने यहां के लोगों को गुलाम समझ रखा था। प्रधानमंत्री इससे पहले शनिवार को त्रिपुरा पहुंचे थे और दो चुनावी रैलियों को संबोधित किया था। सोमवार को उन्होंने बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन किया और उसके बाद चुनावी रैली में भाग लेने त्रिपुरा पहुंचे।

त्रिपुरा की चुनावी सभा में सीपीएम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- वामपंथियों ने त्रिपुरा के लोगों को अपना गुलाम समझ लिया था। 30 साल तक वामपंथी यहां रहे, इस दौरान उन्होंने त्रिपुरा को विनाश के रास्ते पर धकेल दिया था। यहां लोगों का जो बुरा हाल था, उसे लोग कभी भूल नहीं सकते। प्रधानमंत्री ने कहा- वामपंथी सरकार के समय चुनाव के दो-तीन महीने पहले हत्या जैसी खबरें आ रही थीं। उस वक्त एक ही पार्टी के झंडे हर तरफ दिखते थे, किसी और को अपना झंडा लगाने की इजाजत नहीं थी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने रेड सिग्नल पार्टी को हटाकर डबल इंजन सरकार को चुना है। उन्होंने कहा- विकास की पहली शर्त होती है कानून व्यवस्था का राज। आज लोग भाजपा के साथ हैं क्योंकि त्रिपुरा के लोगों को विकास आंखों के सामने दिख रहा है। त्रिपुरा में आज कोई ऐसा परिवार नहीं है जिसकी भाजपा सरकार ने आगे बढ़ कर सेवा ना की हो। इससे पहले शनिवार की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और सीपीएम गठबंधन को निशाना बनाया था। उन्होंने कहा था कि केरल में कुश्ती और त्रिपुरा में दोस्ती हो रही है।

Exit mobile version