Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

प्रधानमंत्री बीस जून को अमेरिका जाएंगे

वाशिंगटन,भाषा। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 22 जून को होने वाली अमेरिका की आधिकारिक यात्रा के दौरान उनकी मेजबानी करेंगे। व्हाइट हाउस की तरफ से बताया गया कि प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में राजकीय रात्रि भोज भी आयोजित किया जाएगा। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव के. जीन पियरे ने एक बयान जारी करके यात्रा की घोषणा की। बयान में कहा गया, आगामी यात्रा अमेरिका तथा भारत के बीच गहरी एवं नजदीकी साझेदारी को और बढ़ाएगी, साथ ही अमेरिकियों और भारतीयों को जोड़ने वाले गर्मजोशी भरे संबंधों को भी मजबूत करेगी।

प्रेस सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा दोनों देशों के स्वतंत्र, मुक्त, समृद्ध तथा सुरक्षित हिंद-प्रशांत क्षेत्र की साझा प्रतिबद्धता तथा रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा तथा अंतरिक्ष आदि में सामरिक प्रौद्योगिकी साझेदारी को बढ़ाने के संकल्प को और प्रगाढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि दोनों नेता शिक्षा के क्षेत्र तथा लोगों के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी चर्चा करेंगे।

Exit mobile version