Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सोनिया ने दिया संन्यास का संकेत

रायपुर। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजनीति से संन्यास का संकेत दिया है। हालांकि पार्टी उनको पूर्व अध्यक्ष के नाते कांग्रेस कार्य समिति का स्थायी सदस्य बनाने की तैयारी कर रही है लेकिन खुद सोनिया ने रायपुर में चल रहे कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में संकेत दिया है कि वे राजनीति से रिटायर हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ उनकी पारी का समापन हो सकता है। उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला किया। गौरतलब है कि सोनिया गांधी कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा समय तक अध्यक्ष रही हैं।

सोनिया गांधी ने कांग्रेस महाधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को अपने भाषण में भारत जोड़ो यात्रा से लेकर देश के ताजा हालात पर चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है और विपक्ष की आवाज दबाने के साथ नफरत की आग भड़काई जा रही है। सोनिया गांधी ने राजनीति से संन्यास की ओर इशारा करते हुए कहा कि वे खुश हैं कि उनकी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा को पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया।

रायपुर में 15 हजार कांग्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए, सोनिया गांधी ने कहा- मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है। यात्रा एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में आई है। इसने साबित कर दिया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है और विपक्ष की आवाज दबाने के साथ नफरत की आग भड़काई जा रही है।

सोनिया गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा- बीजेपी नफरत की आग भड़का रही है और अल्पसंख्यकों, दलितों, आदिवासियों और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है। अध्यक्ष के तौर पर अपनी पारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- यह मेरे लिए सम्मान की बात थी कि मैंने वर्ष 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष पद संभाला। 25 वर्षों में पार्टी ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की और निराशा भी हाथ लगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से एकजुट होकर भाजपा का मुकाबला करने का आह्वान भी किया।

Exit mobile version