Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

तीसरा मोर्चा भाजपा की मदद करेगा

रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने भाजपा से लड़ने के लिए तीसरा मोर्चा बनाने के प्रयासों पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा है कि अगर तीसरा मोर्चा बना तो उससे भाजपा को फायदा होगा। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह भी कहा कि समान विचारधारा वाली पार्टियों को एक साथ आकर गठबंधन करना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विपक्षी एकता की बात दोहराते हुए कांग्रेस के 85वें महाधिवेशन में कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस समान विचारधारा वाली धर्मनिरपेक्ष पार्टियों से गठबंधन की उम्मीद कर रही है।

कांग्रेस ने रायपुर में अधिवेशन में विचार मंथन के दौरान कहा कि तीसरा मोर्चा चुनाव में भाजपा की मदद करेगा। पार्टी ने एक प्रस्ताव में कहा- धर्मनिरपेक्ष और समाजवादी ताकतों की एकता कांग्रेस पार्टी के भविष्य की पहचान होगी। कांग्रेस को समान विचारधारा वाली धर्मनिरपेक्ष ताकतों की पहचान करने, एकजुट करने और साथ जोड़ने के लिए प्रयास करना चाहिए। इसमें कांग्रेस की ओर से कहा गया- हमें धर्मनिरपेक्ष क्षेत्रीय ताकतों को शामिल करना चाहिए जो हमारी विचारधारा से सहमत हैं। आम वैचारिक आधार पर एनडीए का मुकाबला करने के लिए एकजुट विपक्ष की तत्काल जरूरत है। किसी तीसरी ताकत के उभरने से बीजेपी और एनडीए को फायदा होगा।

इससे पहले कांग्रेस के 85वें अधिवेशन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठजोड़ करने की उम्मीद कर रही है। उन्होंने कहा- मौजूदा कठिन परिस्थितियों में कांग्रेस देश में एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो सक्षम और निर्णायक नेतृत्व प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन ने देश के लोगों की सेवा की।

महाधिवेशन में अपने भाषण में खड़गे ने केंद्र सरकार पर देश को तोड़ने की साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि सरकार में बैठे लोगों का डीएनए गरीब विरोधी है। उन्होंने मोदी सरकार पर नफरत का माहौल, महंगाई, बेरोजगारी और राष्ट्रीय सुरक्षा की स्थिति को लेकर तीखा हमला किया। खड़गे ने कहा- आज देश सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। इस महाधिवेशन को रोकने के लिए भाजपा सरकार ने ईडी का छापा मरवाया। उन्होंने दावा किया कि विदेश मंत्री एस जयशंकर का यह बयान बड़ी नाकामी है कि चीन एक बड़ी अर्थव्यवस्था है और उसपर हमला नहीं कर सकते। खड़गे ने राहुल गांधी का आभार जताते हुए कहा- भारत जोड़ो यात्रा की रोशनी पूरे देश में फैली है, राहुल गांधी ने असंभव को संभव कर दिखाया।

Exit mobile version