Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कुशवाहा ने किया नई पार्टी का ऐलान

पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल यू के वरिष्ठ नेता उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी छोड़ने और नया दल बनाने का ऐलान किया है। पार्टी के नेताओं और अपने समर्थकों के साथ दो दिन तक बैठक करने के बाद उन्होंने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस करके एक बार फिर नीतीश कुमार का साथ छोड़ने का ऐलान किया है। पिछले करीब 18 साल में उपेंद्र कुशवाहा ने तीसरी बार नीतीश कुमार का साथ छोड़ा है। उन्होंने सोमवार को पटना में प्रेस कांफ्रेंस की और जदयू से इस्तीफे के साथ अपनी नई पार्टी राष्ट्रीय लोक जनता दल का ऐलान किया। वे इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे।

उपेंद्र कुशवाहा ने इससे पहले 2005 और 2013 में नीतीश का साथ छोड़ा था। कुशवाहा ने नीतीश से अलग होने के बाद 2013 में राष्ट्रीय लोक समता पार्टी बनाई थी। वे 2014 में भाजपा से तालमेल करके लड़े और चुनाव के बाद केंद्र सरकार में मंत्री बने थे। ये दूसरी बार है जब उन्होंने नई पार्टी का ऐलान किया। प्रेस कांफ्रेंस में कुशवाहा ने कहा- नीतीश के साथ शुरुआत अच्छी थी, लेकिन अंत बुरा। जमीर बेचकर हम अमीर नहीं बन सकते।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाना बनाते हुए कुशवाहा ने कहा- नीतीश जी जिस रास्ते पर चल रहे हैं, वो पार्टी के लिए सही नहीं है। वे पड़ोस के घर में अपना वारिस ढूंढ रहे हैं। कुशवाहा का इशारा अगले विधानसभा में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर था, जिस बारे में नीतीश ने ऐलान किया है कि 2025 का चुनाव तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। कुशवाहा ने यह भी कहा कि नीतीश डरे हुए लोगों की सलाह पर चल रहे हैं और उनका रास्ता गलत है।

कुशवाहा ने कहा- जदयू के कार्यकर्ता परेशान हैं। मुख्यमंत्री जी ने शुरुआत में अच्छा काम किया, लेकिन आखिर में उन्होंने जो किया वो अच्छा नहीं हुआ।​​​​​ मैंने जब पार्टी में सवाल उठाया तो मुझे उन्होंने कह दिया पार्टी छोड़कर चले जाइए। नीतीश जी के पास है क्या। उनके पास अब कुछ नहीं बचा है। उन्होंने पार्टी को गिरवी रख दिया। मैं उनसे क्या हिस्सा मांगू। उनके हाथ में जीरो है।​ उन्होंने कहा- ​​​​​​नीतीश जी पहले कोई भी फैसला खुद लेते थे। कार्यकर्ताओं और नेताओं से बात करते थे। उनके खुद के फैसले सही होते थे। आज की तारीख में वो कोई फैसला खुद नहीं लेते हैं।

Exit mobile version