Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

युवाओं में बढ़ रहा आघात का खतरा

आघात यानी स्ट्रोक को आमतौर पर बुजुर्गों को होने वाली बीमारी माना जाता है, लेकिन पिछले कुछ दशकों में बुजुर्गों में इसके मामलों में कमी आई है। इसके उलट, 55 साल से कम उम्र के लोगों में आघात के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

इंग्लैंड में 2001 से 2010 के बीच 35 से 54 साल की उम्र के लोगों में आघात के मामलों में हर साल करीब दो प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि कुल आबादी में इसके मामलों में गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका में भी इसी तरह का रुझान देखने को मिला। वहां 1993-1994 से 2020 के बीच 20 से 54 साल की उम्र के लोगों में आघात के मामले प्रति एक लाख आबादी पर सालाना 34 से बढ़कर 62 हो गए।

दुनियाभर में 2021 में 55 साल से कम उम्र के करीब 28 लाख लोगों को आघात हुआ। इनमें लगभग 90 प्रतिशत मामले निम्न और मध्यम आय वाले देशों में सामने आए। अनुमान है कि 2020 से 2030 के बीच 20 से 39 साल के लोगों में इस्कीमिक आघात (खून का थक्का जमने के कारण होने वाला सबसे आम प्रकार का आघात) के मामलों में करीब 12 प्रतिशत की वृद्धि होगी।

क्यों बढ़ रहा है युवाओं में आघात का खतरा —-

युवाओं में आघात के बढ़ते मामलों के पीछे ऐसे मुख्य कारण नजर आते हैं, जिनमें बदलाव किया जा सकता है। एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में ऐसे 10 जोखिम कारकों की पहचान की गई, जो 55 साल से कम उम्र के लोगों में होने वाले करीब 92 प्रतिशत आघात के लिए जिम्मेदार थे। इनमें उच्च रक्तचाप, शारीरिक गतिविधियों की कमी, कोलेस्ट्रॉल का बढ़ा स्तर, असंतुलित खानपान, मोटापा, धूम्रपान, हृदय संबंधी समस्याएं, मधुमेह, शराब का सेवन और मनो-सामाजिक कारक जैसे तनाव तथा खराब मानसिक स्वास्थ्य शामिल हैं।

अध्ययन के अनुसार, 55 साल या उससे कम उम्र के लोगों में होने वाले आघात के लगभग आधे मामलों के लिए अकेले उच्च रक्तचाप जिम्मेदार था। नियमित व्यायाम की कमी एक तिहाई से अधिक मामलों से जुड़ी थी।

ब्रिटेन में 18 से 49 साल की उम्र के ऐसे 1,765 लोगों पर किए गए एक अध्ययन में भी यह बात सामने आई, जिन्हें आघात के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें 42 प्रतिशत मरीजों को उच्च रक्तचाप, 24 प्रतिशत को उच्च कोलेस्ट्रॉल, 23 प्रतिशत को धूम्रपान की आदत और 14 प्रतिशत को मधुमेह था। करीब सात प्रतिशत लोगों ने नशीले पदार्थों के सेवन की जानकारी दी।

पिछले तीन दशकों में युवाओं में मोटापे और मधुमेह के मामले बढ़े हैं। ये दोनों बीमारियां उच्च रक्तचाप के साथ मिलकर आघात का खतरा बढ़ाती हैं। युवा वयस्कों में अक्सर इन बीमारियों का समय पर पता नहीं चल पाता या इनका पर्याप्त उपचार नहीं होता।

यदि इन स्वास्थ्य समस्याओं का इलाज नहीं किया जाए तो ये धीरे-धीरे आघात का खतरा बढ़ा सकती हैं। एक शोध के अनुसार, मधुमेह से पीड़ित 55 साल से कम उम्र के लोगों में आघात या मिनी आघात होने की आशंका इस बीमारी से मुक्त लोगों की तुलना में करीब 3.5 गुना अधिक थी। वहीं, उच्च रक्तचाप से पीड़ित लोगों में यह खतरा करीब 2.5 गुना अधिक पाया गया।

हालांकि, इन जोखिम कारकों से सभी मामलों की व्याख्या नहीं की जा सकती। खून का थक्का जमने के कारण युवाओं में होने वाले करीब आधे आघात के मामलों में कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया।

शोध से यह भी पता चलता है कि युवाओं में ऐसे आघात के मामले बढ़ रहे हैं, जिनके पीछे किसी ज्ञात जोखिम कारक की पहचान नहीं हो पाती। शोधकर्ता अब वायु प्रदूषण, ऑटोइम्यून बीमारियों और अवैध नशीले पदार्थों के सेवन जैसे अन्य संभावित जोखिम कारकों की जांच कर रहे हैं। तनाव और जरूरत से ज्यादा काम करने को भी युवाओं में आघात के बढ़ते खतरे से जोड़ा जा रहा है।

जागरूकता की कमी भी इस समस्या का एक कारण है। मेरे द्वारा की गई एक व्यवस्थित समीक्षा में सामने आया कि जो लोग खुद को आघात के खतरे में नहीं मानते, उनके डॉक्टर के पास जाने या अपनी जीवनशैली में बदलाव करने की संभावना कम होती है। पहले से मौजूद लेकिन पहचान में नहीं आए जोखिम कारकों के साथ यह स्थिति भी संभवतः एक वजह है कि बुजुर्गों के विपरीत युवाओं में आघात के मामले कम नहीं हो रहे हैं।

Also Read : महाराष्ट्र : मुंबई में 25 नवंबर तक रॉकेट और हवा में फटने वाले पटाखों पर प्रतिबंध

युवा वयस्कों में आघात की पहचान करना भी अपेक्षाकृत मुश्किल हो सकता है। अमेरिका में किए गए एक बड़े विश्लेषण में पाया गया कि 18 से 44 साल की उम्र के लोगों को आघात के बावजूद आपातकालीन विभागों से घर भेजे जाने की आशंका सबसे अधिक थी। इनमें से कई लोगों ने चक्कर आने या सिरदर्द की शिकायत की थी, लेकिन उनके आघात की पहचान नहीं हो सकी। स्ट्रोक एसोसिएशन के एक सर्वेक्षण में भी पाया गया कि 60 साल या उससे कम उम्र के करीब एक चौथाई आघात पीड़ितों ने बताया कि शुरुआत में उनकी बीमारी का गलत निदान किया गया था।

युवाओं में आघात के लक्षण कभी-कभी बुजुर्गों से अलग हो सकते हैं। आमतौर पर आघात के लक्षणों में चेहरे का एक तरफ झुक जाना, दोनों हाथों को एक साथ ऊपर उठाने में परेशानी और अस्पष्ट या भ्रमित करने वाली बोली शामिल हैं। लेकिन युवाओं में हर बार ये लक्षण दिखाई नहीं देते।

युवाओं में मस्तिष्क के पिछले हिस्से में होने वाले आघात के मामले अपेक्षाकृत अधिक देखे जाते हैं। मस्तिष्क का यह हिस्सा चेहरे और हाथों के बजाय संतुलन और दृष्टि को नियंत्रित करता है। ऐसे मामलों में संतुलन बिगड़ना, देखने में परेशानी, सिरदर्द, गर्दन में दर्द या चक्कर आना जैसे लक्षण सामने आ सकते हैं।

इन लक्षणों को न केवल स्वास्थ्यकर्मी पहचानने में चूक सकते हैं, बल्कि युवा भी इन्हें माइग्रेन, थकान, शराब के सेवन के बाद होने वाली परेशानी या कान के अंदरूनी हिस्से की समस्या समझकर नजरअंदाज कर सकते हैं। कई बार ये लक्षण कुछ समय बाद अपने आप ठीक भी हो जाते हैं। लेकिन ऐसा होने पर भी तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।

आघात के मामले में समय बेहद महत्वपूर्ण है। खून का थक्का घोलने वाला उपचार आमतौर पर लक्षण शुरू होने के साढ़े चार घंटे के भीतर दिया जाना चाहिए। जितनी जल्दी उपचार मिलेगा, मरीज के ठीक होने और बेहतर तरीके से स्वस्थ होने की संभावना उतनी ही अधिक होगी।

 आघात का खतरा कम करने के लिए क्या करें —-

अच्छी बात यह है कि युवाओं में होने वाले ज्यादातर आघात ऐसे जोखिम कारकों से जुड़े हैं, जिनमें बदलाव किया जा सकता है। आघात का खतरा कम करने के लिए सबसे पहले अपने रक्तचाप की नियमित जांच कराएं। उच्च रक्तचाप में आमतौर पर कोई स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते, इसलिए इसकी जांच कराना जरूरी है।

मधुमेह और कोलेस्ट्रॉल की भी जांच करानी चाहिए, विशेष रूप से तब जब आपका वजन अधिक हो या परिवार में हृदय रोग अथवा आघात का इतिहास रहा हो। जीवनशैली में बदलाव भी महत्वपूर्ण है। धूम्रपान से बचें, नशीले पदार्थों का सेवन न करें और शराब का सेवन सप्ताह में 14 यूनिट से अधिक न करें।

इसके अलावा, नमक का सेवन प्रतिदिन छह ग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए और भोजन में फाइबर की मात्रा बढ़ानी चाहिए। इससे रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। नियमित व्यायाम भी जरूरी है। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तक तेज चलने या साइकिल चलाने जैसी मध्यम शारीरिक गतिविधियां करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

तनाव और लंबे समय तक काम करने की आदत को भी गंभीरता से लेना चाहिए। शोधों में पाया गया है कि उच्च रक्तचाप और धूम्रपान जैसे अन्य जोखिम कारकों को ध्यान में रखने के बाद भी तनाव और लंबे कामकाजी घंटे अपने आप में आघात का खतरा बढ़ा सकते हैं।

Pic Credit : UNI

Exit mobile version