Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

हेमंत सोरेन के 11 मंत्रियों की शपथ

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के एक हफ्ते बाद हेमंत सोरेन ने मंत्रिमडल का गठन कर दिया। गुरुवार, पांच दिसंबर को राज्यपाल संतोष गंगवार ने 11 मंत्रियों को शपथ दिलाई। राजभवन के अशोक उद्यान में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। 11 मंत्रियों के शपथ के साथ ही पिछले 10 साल में पहली बार सभी मंत्री पद भर दिए गए हैं। इससे पहले रघुवर दास सरकार और पिछली हेमंत सोरेन सरकार में एक मंत्री पद हमेशा खाली रखा गया। बहरहाल, हेमंत सोरेन की पार्टी जेएमएम के छह, कांग्रेस के चार और राजद के एक मंत्री को शपथ दिलाई गई।

शपथ ग्रहण समारोह में सबसे पहले मुख्य सचिव अल्का तिवारी ने प्रोटेम स्पीकर के पद पर स्टीफन मरांडी की नियुक्ति का आदेश पढ़ा। इसके बाद राज्यपाल ने उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद मुख्य सचिव ने सभी मंत्रियों की नियुक्ति का आदेश पढ़ा। सबसे पहले सबसे वरिष्ठ सदस्य और कांग्रेस नेता राधाकृष्ण किशोर ने शपथ ली तो सबसे अंत में शिल्पी नेहा तिर्की को शपथ दिलाई गई। दोनों कांग्रेस के नेता हैं।

जेएमएम की ओर से दीपक बिरूवा, चमरा लिंडा, रामदास सोरेन, हफीजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद, और सुदिव्य कुमार सोनू ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस की ओर से राधाकृष्ण किशोर और शिल्पी नेहा तिर्की के अलावा दीपिका पांडेय सिंह और इरफान अंसारी को मंत्री बनाया गया है। राष्ट्रीय जनता दल की ओर गोड्डा के विधायक संजय यादव ने मंत्री पद की शपथ ली। सभी मंत्री शुक्रवार को कार्यभार संभालेंगे। शुक्रवार को ही शाम में मौजूदा सरकार की कैबिनेट की दूसरी बैठक होगी, जिसमें सभी मंत्री भाग लेंगे।

हेमंत सोरेन की सरकार में पांच नए चेहरे हैं। ये पहली बार मंत्री बने हैं। इनमें चमरा लिंडा, संजय प्रसाद यादव, योगेंद्र प्रसाद, सुदिव्य कुमार सोनू और शिल्पी नेहा तिर्की सम्मिलित हैं। इन के अलावा हफीजुल हसन, दीपक बिरूवा, इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय और रामदास सोरेन पिछली सरकार में मंत्री थे तो राधाकृष्ण किशोर पहले मंत्री रह चुके हैं। क्षेत्रवार बात करें तो संथाल प्रमंडल से सबसे अधिक चार मंत्री बने हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी संथाल प्रमंडल से हैं। कोल्हान, उत्तरी छोटानागपुर व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल से दो दो और पलामू प्रमंडल से एक मंत्री बने हैं।

Exit mobile version