नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने 12वीं की बोर्ड परीक्षा के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस साल के नतीजे पिछली बार के मुकाबले बहुत खराब रहे हैं। कोरोना महामारी के बाद सबसे खराब नतीजा इस साल आया है। सीबीएसई की ओर से जारी नतीजों के मुताबिक 85.20 फीसदी छात्र पास हुए हैं, जबकि पिछले साल 88.39 फीसदी छात्र पास हुए थे। यानी इस साल पास होने वाले छात्रों की संख्या में तीन फीसदी की कमी हुई है।
बोर्ड की ओर से बताया गया है कि इस साल 17 लाख से ज्यादा छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से करीब 16.8 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए। नतीजों में करीब 15 लाख छात्र सफल घोषित किए गए हैं। इस बार कुल पास प्रतिशत 85.20 रहा। पिछले साल यह आंकड़ा 88.39 था। इस तरह इस साल करीब 3.19 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
बताया जा रहा है कि इस साल पेपर का स्तर ऊंचा था, सख्त जांच हुई और नई डिजिटल प्रक्रिया की वजह से नतीजों में गिरावट आई है। बहरहाल, हर साल की तरह इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी। लड़कियों का पास प्रतिशत 88.86 फीसदी रहा, जबकि लड़कों का 82.13 फीसदी। यानी लड़कों के मुकाबले करीब 6.73 फीसदी लड़कियां ज्यादा पास हुईं। तिरुवनंतपुरम जोन ने सबसे ज्यादा पास प्रतिशत दर्ज किया। वहां करीब 99 फीसदी छात्र पास हुए। प्रयागराज और पटना जैसे क्षेत्रों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम रहा।
