कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी की मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनको विशेष विमान की सेवा देने वाली कंपनी के ऊपर ईडी की छापेमारी के बाद अब केंद्रीय एजेंसी ने ममता बनर्जी की पार्टी के बैंक खाते सील कर दिए हैं। धन शोधन निवारण कानून यानी पीएमएलए के तहत कार्रवाई करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 440.42 करोड़ रुपए बैंक में फ्रीज कर दिए।
अधिकारियों की ओर से बताया गया है कि यह रकम तीन निजी बैंक खातों में जमा थी। इस मामले में बुधवार को तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इससे पहले ईडी ने मंगलवार को कोलकाता में पांच ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें केयरवेल ग्रुप आफ कंपनीज और उसकी विमान सेवा संचालित करने वाली कंपनी केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों को भी शामिल किया गया।
ईडी का आरोप है कि शुरुआती जांच में अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच तृणमूल के खातों से करीब 160 करोड़ रुपए केयरवेल एविएशन और उससे जुड़ी इकाई को भेजे गए। जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया कि संबंधित कंपनी ने 2023 से 2026 के दौरान 82.96 करोड़ रुपए एक नई कंपनी को स्थानांतरित किए। ईडी के मुताबिक, इसी 160 करोड़ रुपए की राशि में से 112 करोड़ रुपए का इस्तेमाल एक एम्ब्रेयर लेगेसी 600 बिजनेस जेट और एक अगस्ता वेस्टलैंड 109एसपी हेलीकॉप्टर खरीदने में किया गया। एजेंसी का कहना है कि बाद में इन दोनों की सेवाएं टीएमसी को उपलब्ध कराईं गईं।
