नई दिल्ली। अमेरिका के साथ होने वाले व्यापार समझौते का 99 फीसदी काम पूरा हो गया है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि व्यापार समझौते पर निर्णायक बातचीत के लिए अमेरिकी व्यापार टीम के कई सदस्य भारत पहुंच गए हैं। दो से चार जून के बीच दोनों देशों के व्यापार प्रतिनिधि वार्ता करेंगे और अंतरिम समझौते को फाइनल किया जाएगा। कुछ दिन पहले भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी यह संकेत दिया था।
बहरहाल, पीयूष गोयल ने सोमवार को बताया कि इस समझौते का करीब 99 फीसदी काम पूरा हो चुका है और अब ये आखिरी चरण में है। गोयल ने बताया कि अब दोनों देशों के बीच किसी बड़े मुद्दे पर कोई विवाद नहीं बचा। उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ छोटी तकनीकी बातें सुधारी जा रही हैं। यानी बस कॉमा और फुल स्टॉप ठीक करने का काम चल रहा है, जिससे समझौता पूरी तरह स्पष्ट और बिना किसी गलती के तैयार हो सके।
वाणिज्य मंत्री ने भरोसा जताते हुए कहा कि अमेरिका के साथ शुरुआती समझौता फाइनल होते ही दोनों देश एक बड़े व्यापार समझौते की दिशा में आगे बढ़ेंगे, जिससे भविष्य में दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को बड़ा फायदा मिल सकता है। दोनों देशों के बीच वार्ता टैरिफ के साथ नॉन टैरिफ मुद्दों पर भी बातचीत होगी।
