Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नितिन नबीन की सीट से अभिषेक लड़ेंगे

पटना। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की बांकीपुर सीट पर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वे भारतीय जनता युवा मोर्चा बिहार प्रदेश के उपाध्यक्ष हैं और लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। गौरतलब है कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने से यह सीट हाई प्रोफाइल हो गई है। पहले कहा जा रहा था कि वे विपक्ष के साझा उम्मीदवार हो सकते हैं। लेकिन राजद के रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बना दिया है। इस तरह बांकीपुर सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला तय हो गया है। ध्यान रहे बांकीपुर सीट भाजपा की पारंपरिक सीट है और वह नौ बार से चुनाव जीत रही है। नौ चुनावों से नितिन नबीन या उनके पिता इस सीट से चुनाव जीते हैं।

भाजपा के उम्मीदवार अभिषेक कुमार कायस्थ समाज से आते हैं, जिसका सबसे ज्यादा वोट इस क्षेत्र में है। उसके बाद वैश्य आबादी है, जिस समाज की रेखा गुप्ता राजद से लड़ रही हैं। बहरहाल, बांकीपुर सीट नितिन नबीन के राज्यसभा सांसद बनने से खाली हुई है। इस सीट पर 30 जुलाई को वोटिंग होगी और तीन अगस्त को नतीजा आएगा।

Exit mobile version