Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पांच उड़ानों में बम की धमकी

पाकिस्तान

नई दिल्ली। एक हफ्ते में दूसरी बार विमानों में बम होने की धमकी मिली है। इस बार पांच विमानों में बम होने की धमकी मिली। सभी विमान विदेशी गंतव्य के लिए जाने वाले थे। इनमें से एक उड़ान एयर इंडिया की दिल्ली से शिकागो जाने वाली भी थी। बम की धमकी के बाद विमान को कनाडा डायवर्ट कर दिया गया। प्लेन को कनाडा के इकालुइट हवाईअड्डे पर उतारा गया। वहां यात्रियों और उसमें मौजूद सामान की जांच की गई। इस विमान ने मंगलवार को तड़के तीन बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी।

दिन भर में पांच उड़ानों को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने कई हवाईअड्डों पर काउंटर टेररिस्ट ड्रिल किए। जांच में पता चला है कि सभी धमकियां एक ही व्यक्ति की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भेजी गई थीं। इससे कई सौ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में ये धमकियां झूठी निकलीं। मुंबई से उड़ान भरने वाली तीन उड़ानों को बम की धमकी दी गई थी। पहली उड़ान मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की थी। इसे दिल्ली डायवर्ट किया गया। दूसरी उड़ान इंडिगो की थी, जो मुंबई से मस्कट जाने वाली थी, जबकि तीसरी उड़ान मुंबई से जेद्दाह जाने वाली थी। सभी फ्लाइट्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर चार अलग अलग हैंडल से बम के मैसेज भेजे गए थे।

इससे पहले नौ अक्टूबर को लंदन से दिल्ली आ रही विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट यूके18 में बम की सूचना मिली थी। फ्लाइट के दिल्ली पहुंचने से करीब साढ़े तीन घंटे पहले एक यात्री ने प्लेन के टॉयलेट में धमकी भरा टिश्यू पेपर देखा। उसने चालक दल को सूचना दी थी। इसके बावजूद साढ़े तीन घंटे तक विमान उड़ता रहा था। दिल्ली में उतरने के बाद सभी यात्रियों और उनके सामान के साथ साथ विमान की जांच की गई। वह धमकी भी झूठी निकली थी।

Exit mobile version