नई दिल्ली। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर जीरो टालरेंस की नीति बताते हुए एयर इंडिया ने फुकेट से दिल्ली आ रहे विमान के नशेड़ी पायलट को बर्खास्त कर दिया है। घटना चार अगस्त की है, जब फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान में पायलट ने अचानक कंट्रोल खो दिया और विमान तीन सौ फीट नीचे गिरा। एक बड़ा हादसा होते होते बचा। फिर भी 24 यात्रियों को चोट लगी। जांच में पाया गया है कि पायलट ने नशीले पदार्थ का सेवन किया था। यह रिपोर्ट आने के बाद शुक्रवार को एयर इंडिया ने पायलट को बर्खास्त कर दिया।
इससे पहले एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो यानी एएआईबी की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आई। इसमें पता चला कि फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान एआई 2379 के एक पायलट का नशे से जुड़ा टेस्ट पॉजिटिव है। रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा के ऊपर उड़ान के दौरान विमान अचानक करीब तीन सौ फीट नीचे आ गया था। जांच में इसे दुर्घटना बताया गया है। इससे विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस की जिम्मेदारी बढ़ेगी।
बहरहाल, एएआईबी की रिपोर्ट आने के बाद एयर इंडिया ने एक बयान में कहा है कि फुकेट से दिल्ली की उड़ान के पायलट इन कमांड की जांच में एक साइकोएक्टिव पदार्थ यानी नशीला पदार्थ पाया गया। बयान में कहा गया है कि सुरक्षा, फिटनेस या नियमों के उल्लंघन के मामले में एयर इंडिया की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत, पायलट को तुरंत बर्खास्त कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पायलट इन कमांड के दो अलग अलग टेस्ट में नशीला पदार्थ मिलने की पुष्टि हुई है। एएआईबी ने इसे गंभीर मामला बताते हुए नागरिक विमानन निदेशालय यानी डीजीसीए को जल्दी उचित कार्रवाई करने की सिफारिश की। गौरतलब है कि फुकेट की उड़ान के दिल्ली पहुंचने के बाद हुई मेडिकल जांच में पायलट पहले टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। बाद में दोबारा किए गए टेस्ट में भी यही नतीजा आया। बताया जा रहा है कि जांच में मारिजुआना के सेवन की पुष्टि हुई थी। यह हादसा चार अगस्त को फुकेट से दिल्ली जाते समय ओडिशा के पास 36 हजार फीट की ऊंचाई पर हुआ था। हालांकि फिर पायलट और को पायलट ने विमान को संभाला और सुरक्षित दिल्ली में उतारा।
