Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अखिलेश जारी कर रहे हैं अपना घोषणापत्र

नई दिल्ली। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे पर कोई सहमति नहीं बनी है। दूसरे दिन की बातचीत के बाद दोनों में तल्खी बढ़ गई है। फिर भी कहा जा रहा है कि अगले दो दिन में गठबंधन फाइनल हो सकता है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि गुरुवार, 26 नवंबर को इसकी घोषणा हो सकती है। असल में 26 नवंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी करने वाले हैं।

बताया जा रहा है कि घोषणापत्र जारी करने के लिए लखनऊ के एक बड़े होटल में बुकिंग कराई गई है। 26 नवंबर को ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लखनऊ रैली में शामिल होने जा रहे हैं। तभी कहा जा रहा है कि उसी दिन गठबंधन की घोषणा हो सकती है। हालांकि मंगलवार को जैसी तल्खी दिखी उसे देख कर लग नहीं रहा है कि दो दिन में सब कुछ ठीक हो जाएगा।

हालांकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गठबंधन को लेकर दो बातें कहीं। उन्होंने कहा, ‘गठबंधन चुनाव जीतने के लिए होते हैं। हमारा ध्यान जीत का सही फॉर्मूला तय करने, सीटों के बंटवारे और जीतने की सबसे ज्यादा संभावना वाले उम्मीदवारों को चुनने पर है। समाजवादी पार्टी अपने सहयोगी दलों के लिए सीटें छोड़ने और तालमेल बैठाने को तैयार है, क्योंकि यह बड़ी लड़ाई है और हमारा साझा लक्ष्य जीतना है’। उन्होंने दूसरी बात कही, ‘भाजपा जैसी मशीनरी का मुकाबला करने के लिए हमें अच्छी तैयारी करनी होगी और सही फैसले लेने होंगे’।

Exit mobile version