नई दिल्ली। कांग्रेस और दूसरी विपक्षी पार्टियों की ओर पिछले कई दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच पहली बार भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से इसका जवाब दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब दिया है और उन पर हमला किया। शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एसआईआर लागू होने के पहले से हार रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस तब से हार रही है, जब बैलेट पेपर से चुनाव होते थे। उन्होंने दावा किया कि 2029 के चुनाव में भी कांग्रेस बुरी तरह से हारेगी।
अमित शाह ने मंगलवार को कहा, ‘राहुल गांधी एसआईआर की आड़ में घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। इस देश की जनता उनके एजेंडे को अच्छी तरह समझती है’। उन्होंने आगे कहा, ‘मैं राहुल और उनके साथियों से कहना चाहता हूं कि 2029 में एक बार फिर करारी हार के लिए तैयार रहें। 2029 के लोकसभा चुनाव में एनडीए भारी बहुमत से जीत हासिल करेगा और कांग्रेस को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ेगा। इस देश की जनता पीएम मोदी, भाजपा और एनडीए के साथ खड़ी है। आप इस सच्चाई को नकार नहीं सकते’।
शाह ने कांग्रेस को आईना दिखाते हुए कहा कि त्रिपुरा में 33 साल से कांग्रेस का कोई मुख्यमंत्री नहीं बना है और पश्चिम बंगाल में कांग्रेस 54 साल से कोई चुनाव नहीं जीती है। उन्होंने यह भी कहा कि गुजरात में 1985 के बाद यानी पिछले 41 साल से कांग्रेस नहीं जीती है। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या इन नतीजों को भी एसआईआर से जोड़ेंगे?
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एसआईआर 2024 के बाद लागू हुआ, जबकि कांग्रेस राहुल गांधी के प्रमुख नेता, पार्टी अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद से लगातार चुनाव हार रही है। शाह ने हाल में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए उपचुनावों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस इनमें एक भी सीट नहीं जीत सकी। उन्होंने कहा, ‘असम के नगांव में भाजपा उम्मीदवार ने 1.42 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की। यह सीट पहले कांग्रेस की थी’।
