Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कश्मीर में पकड़ा गया एक और पाक नागरिक

पुलवामा

पुलवामा

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में रविवार को एक और पाकिस्तानी नागरिक पकड़ा गया है। इस महीने अब तक तीन पाकिस्तानी नागरिक पकड़े जा चुके हैं। सभी एक ही जिले में पकड़े गए हैं। भारतीय सेना ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा यानी एलओसी पर रविवार को पाकिस्तानी घुसपैठिए को गिरफ्तार किया। अधिकारियों के अनुसार, इस महीने जिले में पकड़ा गया यह तीसरा पाकिस्तानी घुसपैठिया है।

गिरफ्तार किए गए घुसपैठिए की पहचान रईस खान के रूप में हुई है। वह 31 साल का है। बताया गया है कि वह पाक अधिकृत कश्मीर का रहने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि वह बालाकोट सेक्टर से नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय सीमा में दाखिल हुआ था, जिसके तुरंत बाद सेना ने उसे हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने सीमा क्यों पार की, भारत में उसका कोई संपर्क था या उसका कोई विशेष उद्देश्य था। इस बीच, जम्मू के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रविवार तड़के एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा में कुछ देर तक मंडराता दिखाई दिया। अधिकारियों के अनुसार, ड्रोन नुंदपुर गांव के पास देखा गया। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ, सेना और पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। आशंका थी कि ड्रोन के जरिए हथियार या ड्रग्स गिराए गए हों, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।

Exit mobile version