Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

होर्मुज की खाड़ी में गुजरात का एक और जहाज डूबा

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में भले युद्ध रूका हुआ है लेकिन होर्मुज की खाड़ी अब भी असुरक्षित बनी हुई है। गुरुवार की मिली सूचना के मुताबिक बुधवार, 13 मई को सुबह में गुजरात का एक और मालवाहक जहाज डूब होर्मुज की खाड़ी में डूब गया। ‘हाजी अली’ नाम का जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उससे कोई ड्रोन या मिसाइल जैसा हथियार टकरा गया। हादसे के बाद जहाज में आग लग गई, हालांकि ओमान कोस्टगार्ड ने चालक दल के सभी 14 सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया।

गुजरात के द्वारका के रहने वाले जहाज मालिक सुलतान अहमद अंसार ने बताया कि एमएसवी ‘हाजी अली’ जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह जा रहा था। सुबह करीब साढ़े तीन बजे ओमान के समुद्री तट के पास जहाज हादसे का शिकार हो गया। चालक दल ने बताया कि जहाज से किसी विस्फोटक जैसी चीज के टकराने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद जहाज में आग लग गई। हालात बिगड़ने पर चालक दल के सदस्यों ने लाइफ बोट की मदद से जहाज छोड़ा। गौरतलब है कि इससे पहले सात मई को होर्मुज की खाड़ी से गुजर रहा गुजरात के द्वारका का एक और मालवाहक जहाज एसएमवी अल फैज नूरे सुलेमानी भी अमेरिका और ईरान नेवी के बीच फायरिंग का शिकार हुआ था।

Exit mobile version