Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अनवर ने हवाईअड्डे पर किया मोदी का स्वागत

कुआलालम्पुर/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ साल बाद शनिवार को दो दिन के मलेशिया दौरे पर पहुंचे। उन्हें मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने हवाईअड्डे पर रिसीव किया और अपनी कार से बैठा कर ले गए। अपनी यात्रा के पहले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने कुआलालम्पुर में भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इस यात्रा पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच दोपक्षीय संबंधों को और मजबूती दी जाएगी।

भारतीय मूल के लोगों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम खुद एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत करने आए। वे मुझे अपनी कार से यहां लाए। इतना ही नहीं, उन्होंने मुझे अपनी सीट पर भी बैठाया’। उन्होंने कहा, ‘यह खास सम्मान भारत और भारतीय समुदाय के प्रति उनके प्यार और सम्मान को दिखाता है। भारत जल्द यहां अपना पेमेंट सिस्टम यूपीआई लॉन्च करेगा’।

मोदी ने कहा, ‘पिछले साल मैं आसियान शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया नहीं आ सका था, लेकिन मैंने अपने दोस्त से वादा किया था कि मैं जल्द मलेशिया आऊंगा। आज मैं अपना वादा निभाने आया हूं। साल 2026 में यह मेरी पहली विदेश यात्रा है’। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से कहा, ‘आपने रोटी चनाई को मलाबार परोट्टा से जोड़ा है। नारियल, मसाले और चाय भी हमारे रिश्ते को जोड़ते हैं। चाहे कुआलालम्पुर हो या कोच्चि, स्वाद एक जैसे लगते हैं। हम एक दूसरे को अच्छी तरह समझते हैं, शायद इसलिए क्योंकि हमारी भाषाओं और मलय भाषा में कई शब्द समान हैं’।

मोदी ने कहा, ‘मैंने सुना है कि मलेशिया में भारतीय संगीत और फिल्में काफी लोकप्रिय हैं। प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम बहुत अच्छा गाते हैं, लेकिन भारत में बहुत से लोगों को यह बात पहले नहीं पता थी। उनके पिछले भारत दौरे के दौरान जब उन्होंने एक पुराना हिंदी गीत गाया, तो उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए’। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह जानकर खुशी होती है कि प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को महान अभिनेता और नेता एमजीआर के तमिल गीत बहुत पसंद हैं।

Exit mobile version