Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कल्याण बनर्जी के ऊपर हमला

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के एक दिन बाद रविवार को तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उनके ऊपर हमला हुआ है। कल्याण बनर्जी ने कहा कि पुलिस स्टेशन के बाहर भाजपा के समर्थकों ने उन पर हमला किया और उन्हें घायल कर दिया। असल में कल्याण बनर्जी हुगली में विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ ज्ञापन सौंपने के लिए चंडीतला पुलिस स्टेशन गए थे, जहां भीड़ ने उन्हें घेर लिया।

इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सामने आया, जिसमें कल्याण बनर्जी पहले पुलिस स्टेशन के बाहर नारे लगाते दिखे। बाद में वे सिर पकड़कर जमीन पर लेटते नजर आए। कुछ देर बाद वे इस हमले के विरोध में थाने के बाहर ही बैठ गए। उन्हें अपने सिर के पिछले हिस्से पर कपड़ा रखे हुए देखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ऊपर पत्थर से हमला किया।

दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने कल्याण बनर्जी के आरोपों का खंडन किया है। भाजपा ने कहा कि कल्याण बनर्जी ड्रामा कर रहे हैं। उन्हें कोई चोट नहीं लगी। वे कल के अभिषेक बनर्जी के अंडे वाले विवाद से लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं। गौरतलब है कि शनिवार के हमले में अभिषेक बनर्जी को अच्छी खासी चोट आई थी और शुरू में उन्हें अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।

Exit mobile version