Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री बने

काठमांडो। नेपाल में शुक्रवार को बालेन्द्र (बालेन) शाह ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। वे 35 साल के हैं और देश के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने हैं। पद की शपथ के कुछ घंटे पहले उन्होंने रैप गाने के जरिए पहला संदेश जारी किया, जिसमें भ्रष्टाचार, सिस्टम बदलाव और युवाओं का जिक्र किया। उन्होंने अपने गीत में कहा कि एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इस बार इतिहास बन रहा है। गौरतलब है कि वे पहले रैपर रहे हैं और बाद में काठमांडो के मेयर बने थे।

बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी यानी आरएसपी ने पांच मार्च के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। कार्यवाहक प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद कहा कि देश का भविष्य अब युवाओं के हाथ में है और नई सरकार से भ्रष्टाचार खत्म करने की उम्मीद है। नई सरकार में मंत्रिमंडल का भी गठन शुरू हो गया है। बालेन शाह ने सुधन गुरुंग को गृह मंत्री बनाया है, जिन पर देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी होगी। शिशिर खनाल को विदेश मंत्री बनाया गया है, जो नेपाल की कूटनीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को संभालेंगे।

नई सरकार में बालेन शाह सहित 11 मंत्रियों ने शपथ ली है, जिनमें तीन महिलाएं हैं। गौरतलब है कि बालेन शाह पहले काठमांडो के मेयर थे। पिछले साल दिसंबर में उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था और राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी में शामिल हो गए थे। बालेन मधेस क्षेत्र से आने वाले पहले प्रधानमंत्री बने हैं। मधेश क्षेत्र नेपाल का वह इलाका है जो देश के दक्षिणी हिस्से में भारत की सीमा के साथ फैला हुआ है। इसे तराई क्षेत्र भी कहा जाता है।

Exit mobile version