Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दीपके की पोस्ट पर पाबंदी

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार और एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ मुंबई के शिवाजी पार्क में सफल प्रदर्शन के बाद कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके की एक पोस्ट बैन कर दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने ममता बनर्जी को समर्थन के लिए धन्यवाद किया था। लेकिन इस पोस्ट को प्रतिबंधित कर दिया गया।

तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी गुट के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने पहले की गई धन्यवाद पोस्ट और बैन पोस्ट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इसके बाद दीपके ने शनिवार को कहा कि 10 अक्टूबर से पहले उनका एक्स हैंडल हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो उन्हें हैरानी नहीं होगी। गौरतलब है कि दीपके ने 10 अक्टूबर को दिल्ली में मार्च का ऐलान किया है।

इससे पहले शुक्रवार को सीजेपी ने मुंबई के शिवाजी पार्क में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद दीपके ने कहा कि अगर ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो 10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन किया जाएगा। इस बीच मुंबई पुलिस ने दो अक्टूबर को शिवाजी पार्क में हुए सीजेपी के प्रदर्शन के आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें चार से पांच सौ अज्ञात प्रदर्शनकारियों को आरोपी बनाया गया है।

ममता बनर्जी ने सीजेपी के इस प्रदर्शन को समर्थन दिया था। उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि वे सीजेपी, युवाओं और छात्रों के साथ पूरी तरह खड़ी हैं। उनके बयान को डेरेक ओ ब्रायन ने शेयर किया था। डेरेक ओ ब्रायन की पोस्ट पर दीपके ने ममता को टैग करते हुए आंदोलन के समर्थन के लिए उनको धन्यवाद दिया था। हालांकि, बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स ने इस पोस्ट को बैन कर दिया। पोस्ट खोलने पर लिखा आ रहा है, स्थानीय नियमों के कारण यह कंटेंट एक्स पर बैन है। डेरेक ओ ब्रायन ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में पोस्ट को बैन किया गया।

Exit mobile version