Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बांग्लादेश में 12 फरवरी को होंगे चुनाव

ढाका। बांग्लादेश में चुनावों की ऐलान हो गया। अगले साल 12 फरवरी को देश में आम चुनाव होंगे। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरउद्दीन ने गुरुवार की शाम को इसका ऐलान किया। यह चुनाव पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के तख्तापलट के डेढ़ साल बाद हो रहा है। गौरतलब है कि पांच अगस्त 2024 को हुए तख्तापलट के बाद हसीना देश छोड़ कर भारत आ गई थीं। इसके बाद से वहां पर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार चल रही है।

अगले साल फरवरी में होने वाले चुनाव में शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग हिस्सा नहीं ले पाएगी। बांग्लादेश की सबसे बड़ी पार्टी अवामी लीग का पंजीकरण चुनाव आयोग ने मई 2025 में निलंबित कर दिया था। पार्टी के बड़े नेताओं को अंतरिम सरकार गिरफ्तार कर चुकी है। अवामी लीग के चुनाव लड़ने और राजनीतिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।

बहरहाल, चुनाव की घोषणा के साथ ही मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 12 फरवरी को ही जुलाई चार्टर को लेकर जनमत संग्रह किया जाएगा। जुलाई चार्टर संवैधानिक और राजनीतिक सुधार का एक दस्तावेज है। इसमें 26 प्वाइंट हैं, जिसका मकसद देश की राजनीति और शासन व्यवस्था में बदलाव लाना है। इसमें प्रधानमंत्री की सत्ता सीमित करने की बात है, ताकि कोई अनिश्चित समय तक सत्ता में न रह सके। इस चार्टर में प्रधानमंत्री का कार्यकाल आठ या 10 साल करने की बात कही गई है। जुलाई 2025 में, देश के राजनीतिक दलों और नागरिक संगठनों के बीच एक जुलाई चार्टर नाम का संविधान सुधार प्रस्ताव बना था।

Exit mobile version